हड़ताल से 5628 में से हुए सिर्फ 517 काम
भीलवाड़ा | मुख्यमंत्री ने बजट में जो घोषणा की थी उन पर भी महात्मा गांधी नरेगा कर्मचारियों की हड़ताल का असर आ रहा है। जिले में करीब 5628 कार्य स्वीकृत हैं। मनरेगा कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए इनका समय पर पूरा होना संभव नहीं है। अभी तक सिर्फ 517 काम ही हो सके हैंl वर्मी कंपोस्ट, पौधरोपण कार्य, श्मशान घाट विकास, आंगनबाड़ी भवन निर्माण आदि काम रुके हुए हैं। कर्मचारी 15 दिन से लगातार हड़ताल पर हैं। जिले की सभी 12 पंचायत समिति मुख्यालय पर मंगलवार को भी धरना-प्रदर्शन किया गया। ये पंचायतीराज अधीनस्थ सेवा भर्ती एलडीसी भर्ती 2013 के संबंध में ठोस कार्यवाही नहीं होने के विरोध में हड़ताल पर हैं।