पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शिक्षकों को तबादलों का इंतजार, सोशल मीडिया पर जारी हुई 5 शिक्षकों की फर्जी सूची, निदेशालय कराएगा केस

शिक्षकों को तबादलों का इंतजार, सोशल मीडिया पर जारी हुई 5 शिक्षकों की फर्जी सूची, निदेशालय कराएगा केस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शिक्षा विभाग (प्रारंभिक) में शिक्षकों के तबादलों की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई। डिजायर और सूचियां बनाने का दौर चल रहा है। शिक्षकों को तबादले सूची का बेसब्री से इंतजार है। इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तबादला सूची ने विभाग में खलबली मचा दी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के नाम से यह आदेश 14 मई को जारी हुआ। इसमें जिले के पांच शिक्षकों के स्थानांतरण किए गए हैं। निदेशालय ने मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) से बुधवार को तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। वहीं फर्जी आदेश जारी करने व वायरल करने वालों पर पुलिस केस दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर दो दिन से चल रहे फर्जी आदेश में जिले के सहाड़ा, कोटड़ी, शाहपुरा व जहाजपुर ब्लॉक के 5 शिक्षकों के नाम शामिल हैं। इसमें तीन शिक्षकों को जिले से बाहर भेजना बताया हुआ है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के फर्जी साइन भी किए है व प्रति शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव, शिक्षा शासन सचिवालय व सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजी बताई। जिन पांच शिक्षकों का तबादला हुआ इनकी डीईओ ने जांच शुरू कराई है।

3 दोस्तों को ऑनलाइन आवेदन की बताया, ट्रांसफर की फर्जी सूची पोस्ट कर दी

शिक्षक यदुराजसिंह का तबादला बताया भरतपुर ... फर्जी तबादला सूची में यदुराजसिंह का नाम है। वे भरतपुर के रहने वाले हैं। उनका पदस्थापन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कोटड़ी बता रखा है। जबकि, यदुराज कोटड़ी ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कालीरेडीया में पदस्थ हैं। उनका तबादला राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय झारोली (भरतपुर) किया लिखा हुआ है।

शिक्षक को डीईओ ने किया तलब ... सूची में जिस शिक्षक का तबादला कोटड़ी से भरतपुर बता रखा है उसे जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) ने गुरुवार को कार्यालय में तलब किया है। उससे पूछताछ करने के बाद ही फर्जी आदेश के बारे में कुछ पता चलने की उम्मीद है।

पड़ताल... तीन दोस्तों को महंगी पड़ सकती है मजाक | दैनिक भास्कर ने सोशल मीडिया पर चल रहे इस फर्जी आदेश की पड़ताल की। सामने आया कि भरतपुर निवासी यदुराजसिंह राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कालीरेडिया में कार्यरत है। यदुराज की नियुक्ति वाले कोटड़ी ब्लॉक के ही होलीरड़ा (आकोला) एवं गोठड़ा स्कूल में दो अन्य शिक्षक हैं। वे भी भरतपुर जिले के ही रहने वाले हैं। यदुराज ने दोनों साथियों को बातचीत में बताया था कि उसने तबादला चाहने के लिए विभाग में ऑनलाइन आवेदन कर रखा है। इसके बाद इन साथियों ने यदुराज को फर्जी तबादला आदेश मैसेज कर दिया। यदुराज ने इसे फेसबुक व वाट्सएप पर पोस्ट कर दिया। यह जांच में सामने आएगा कि फर्जी तबादला सूची टाइप कहां की गई। कैसे इस पर निदेशक के हस्ताक्षर किए गए।

निदेशक के हस्ताक्षर से जारी फर्जी तबादला आदेश।

पत्र जिसमें प्रांरभिक शिक्षा निदेशालय के नाम से पांच अध्यापकों के स्थानांतरण होना बताया जा रहा है, नितांत फर्जी है। इन अध्यापकों के स्थानांतरण आदेश नहीं हुए हैं। आदेश भ्रामक एवं अफवाह फैलाने वाला है। यह अवांछित तत्व की इरादतन आपराधिक कार्रवाई है। कूटरचित आदेश बनाने वाले एवं इसे वायरल करने वाले पर कानूनी कार्रवाई करेंगे। पुलिस केस दर्ज कराए जाएंगे। शीघ्र ही इन तत्वों के नाम सामने आएंगे। श्यामसिंह राजपुरोहित, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा, बीकानेर

सिर्फ यदुराज ही शिक्षक, चार शिक्षकों के नाम काल्पनिक

सूची में पहले स्थान पर शिक्षक धर्मवीर जाट राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गंगापुर अंकित है, जबकि सहाड़ा ब्लॉक में इस नाम का कोई शिक्षक ही कार्यरत नहीं है।

सूची में दूसरे नंबर पर नाथूलाल खटीक राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटड़ी है। ब्लॉक के किसी स्कूल में इस नाम का शिक्षक नहीं है।

सूची में तीसरे नंबर पर शिक्षक सुनीता बैरवा को राजकीय प्राथमिक विद्यालय शाहपुरा में पदस्थ बताया है। शाहपुरा ब्लॉक में कहीं भी सुनीता बैरवा कार्यरत नहीं है।

चौथे नंबर पर किशन रेगर को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जहाजपुर में पदस्थापित बताया गया। जांच में इस नाम का कार्मिक ब्लॉक में कहीं भी कार्यरत नहीं पाया गया।

खबरें और भी हैं...