भीलवाड़ा | मुरली विलास रोड पर रेलवे थाने से करीब 50 फीट दूर एक किराणा शॉप में गत रात चोरों ने पीछे से सेंध मारकर अंदर प्रवेश कर गल्ले से करीब 15 हजार रुपए सहित 60 हजार का माल चुरा कर ले गए। दुकान के पीछे रेलवे के क्वार्टरों में भी लोग रहते हैं, लेकिन उन्हें भी इसकी भनक नहीं लगी।
सिंधुनगर निवासी कीमत राय सिंधी ने बताया कि उसकी मुरली विलास रोड पर पूरणदास जी बगीची के सामने मैसर्स कीमत राय, छबलदास किराणा शॉप है। चोरों ने सेंध मारकर अंदर प्रवेश किया। गल्ले से 15 हजार रुपए के साथ ही बीड़ी, सिगरेट के पैकेट, गुटखे, देशी घी, शैंपू का कर्टन, काजू-बादाम आदि किराणा सामान चुरा लिया। गुरुवार सुबह वह दुकान पहुंचा तथा शटर ऊपर किया तो दीवार टूटी तथा सामान बिखरा देख होश उड़ गए। गल्ले से नकदी व दुकान से कीमती सामान गायब देख कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
रेलवे की लोहे की चद्दर रख नाला पार कर गए चोर
दुकान की दीवार से कुछ पहले बड़ा नाला हैं। उसे लांघने में परेशानी होने के चलते चोरों ने वहां रखे रेलवे के लोहे के चद्दर को नाले पर रखा। उसके बाद आसानी से नाला लांघ दुकान की दीवार के पास पहुंचे और दीवार में छेद कर अंदर घुस गए। किराणा की दुकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से चोरों ने वहां से कीमती सामान पार किया और भाग निकले।