कॉलेज की एनसीसी यूनिट में इस बार छात्राओं को भी प्रवेश मिलेगा। प्रथम वर्ष के एडमिशन के साथ छात्राओं के लिए 33प्रतिशत सीटें आरक्षित रहेगी। इसका फायदा एमएलवी और शाहपुरा कॉलेज में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को मिल सकेगा। अभी तक इन महाविद्यालयों की एनसीसी यूनिट में छात्रों को ही प्रवेश मिलता था। ऐसे में छात्राएं वंचित रहती थी, लेकिन इस बार उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं। अभी तक सेमुमा गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं को ही एनसीसी में प्रवेश मिलता था। अब जिला स्तर पर एमएलवी और तहसील स्तर पर शाहपुरा में यह सुविधा मिलेगी।
एमएलवी कॉलेज के एनसीसी अधिकारी डॉ. राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि एनसीसी यूनिट में छात्राओं के प्रवेश को लेकर नीतियों में बदलाव हुआ। गर्ल्स कॉलेज वाली एनसीसी यूनिट के अलावा कॉ एड कॉलेज की एनसीसी यूनिट में छात्राओं को प्रवेश नहीं दिया जाता था। पिछले वर्ष गाइडलाइन में बदलाव किए गए। इसके तहत वर्ष 2018 के शैक्षणिक सत्र शुरू होने के साथ एनसीसी में जो प्रवेश मिलेगा, उसमें छात्राओं के लिए 33 प्रतिशत सीट रिजर्व रहेगी। यानि एमएलवी एनसीसी यूनिट में कुल 200 सीटें है। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष शामिल है। नए नियम के अनुसार प्रथम वर्ष में करीब 22 छात्राओं को लिया जाएगा।
बदलाव
पहले छात्रों को ही मिलता था प्रवेश, गाइडलाइन में बदलाव, जिले में एमएलवी व शाहपुरा कॉलेज की छात्राओं को मिलेगा फायदा
छात्राओं के लिए अलग से एनसीसी यूनिट के लिए भेजा प्रस्ताव
प्रदेश स्तर पर महाविद्यालयों में दस नई एनसीसी यूनिट शुरू किए जाने की संभावना है। इसके तहत कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय की ओर से कॉलेजों को एनसीसी यूनिट आवंटित कराने के लिए आवेदन करने को कहा गया है। इस क्रम में एमएलवी कॉलेज में अलग से छात्राओं के लिए यूनिट स्थापित करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। रक्षा मंत्रालय की ओर से क्रमानुसार एनसीसी यूनिट आवंटित की जाती है। अगर प्रस्ताव मान लिया जाता है तो एमएलवी कॉलेज की छात्राओं के भविष्य के लिए अच्छा कदम होगा।
एनसीसी में छात्राओं के प्रवेश के ये फायदे... छात्राओं के लिए भर्ती से लेकर उच्च शिक्षा में एनसीसी सर्टिफिकेट होने का फायदा मिलता है। सेना और पुलिस में पांच फीसदी अंक की छूट मिलती है। स्नातकोत्तर में प्रवेश के दौरान 5 फीसदी का लाभ मिलता है। सेना मेंं मेडिकल, इंजीनियरिंग और सिग्नल में महिला अभ्यर्थियों को नियुक्त किया जाता है। ऐसे में एनसीसी सर्टिफिकेट का लाभ मिलता है। एनसीसी में प्रशिक्षित होने से सेल्फ डिफेंस, हैल्थ एंड हाईजीन सीखने का मौका मिलता है।