60 फीसदी से ज्यादा अंक प्राप्त करने वाले छात्रों का सम्मान
शिक्षा व्यवसाय नहीं है। इससे जुड़ने वाले शिक्षकों एवं संस्थाओं को समर्पण भाव से काम करना चाहिए। अध्यापकों को विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर बनाने का संकल्प लेकर अध्यापन से जुड़ना चाहिए। यह विचार स्टेट फैडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के स्टेट कॉर्डिनेटर गोपाललाल माली ने व्यक्त किए। वे डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर जिला यूनेस्को एसोसिएशन व स्वामी विवेकानंद बाल सेवा समिति की ओर से स्वामी विवेकानंद विद्यालय में हुए प्रतिभावान छात्र सम्मान समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्य अतिथि एलएनजे ग्रुप के ओएसडी रजनीश वर्मा थे। एसोसिएशन के सचिव ललित अग्रवाल ने बताया कि समारोह में 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षाओ में 60 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों एवं उनके माता-पिता, विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सौ व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
विशिष्ट अतिथि यूनेस्को के जिला अध्यक्ष अरविंदकुमार चौधरी, यूथ क्लब के अध्यक्ष वैभव बोहरा, नगर परिषद वार्ड 42 की पार्षद इंद्रा छीपा, महिला मोर्चा की सुनीता कटारिया, स्वामी विवेकानंद बाल सेवा समिति के सचिव दिनेशकुमार छीपा, पूर्व पार्षद चेतन मानसिंहका, मोहम्मद हारुन रंगरेज, ओमप्रकाश, संजय शर्मा, संतोष चंदेल, दिनेश जैन थे। संचालन कवि रामनिवास रोनी ने किया।