सांस्कृतिक संध्या में देशभक्ति गीतों पर झूमे जवान
आओ नी पधारो म्हारे देश..., म्हारे हिवड़े रा पावणा व कर चले हम फिदा जानो तन साथियों... जैसे राजस्थानी व फिल्मी गीतों के बीच रविवार रात पुलिस लाइन में राजस्थान पुलिस दिवस की पूर्व संध्या पर कोटा की टीम ने एक शाम पुलिस जवानों के नाम सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति दी तो वहां मौजूद जवान झूम उठे। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच प्रस्तुति की दाद दी।
पुलिस अधीक्षक प्रदीपमोहन शर्मा के दीप प्रज्ज्वलन व गणेश वंदना से शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने एक से बढ़ कर एक राजस्थानी व देश भक्ति फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देकर ऐसा समा बांधा कि कार्यक्रम मौजूद जवान भी झूमते हुए उनका साथ देने लगे। गायक महेंद्र अलबेला व रितू जोशी की प्रस्तुतियों को काफी सराहा गया। हास्य कलाकार प्रवीण राठौड़ ने डॉक्टर गुलाटी के किरदार में प्रस्तुति दी तो सांस्कृतिक संध्या में मौजूद पुलिस अधिकारी व जवान अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
सांस्कृतिक संध्या में एएसपी पारस जैन, अरुण माचा , रामजीलाल, एसीबी के एएसपी राजेश गुप्ता, सीओ मांडल चंचल मिश्रा, सीओ शहर राजेश मीणा, प्रतापनगर सीआई नवनीत व्यास, सुभाषनगर प्रमोद शर्मा, गजेंद्र सिंह, यशदीप भल्ला, हरीश सांखला, रायला एसएचओ पांचूराम, हमीरगढ़ एसएचओ गजराज सिंह सहित जिलेभर के एसएचओ व पुलिसकर्मी मौजूद थे। सोमवार को राजस्थान पुलिस दिवस पर सुबह सात बजे परेड होगी तथा शाम को अन्य कार्यक्रम होंगे।
पुलिस दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस लाइन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।