परशुराम जयंती महोत्सव शुरू, आज दीपदान, कल संगीतमय सुंदरकांड
भीलवाड़ा | डीजे की धुन पर नाचते-गाते, हाथ में फरसे, ललाट पर तिलक लगाए व गले में भगवा दुपट्टे डाले युवा...। सात घोड़ों पर धर्मध्वजाएं थामे बच्चे..., रथ व अन्य वाहनों पर भगवान परशुराम की झांकी...। इसी के साथ उत्साहित हजारों बेटियां व महिलाएं...। यह नजारा था रविवार सुबह परशुराम जयंती के आयोजनों की शुरुआत पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा का। चार दिवसीय महोत्सव परशुराम महोत्सव समिति के बैनर तले मनाया जाएगा।
शोभायात्रा का कई जगह पुष्पवर्षा से स्वागत
नगर परिषद के चित्रकूटधाम स्थित चाणक्य सर्किल से रविवार सुबह शोभायात्रा व वाहन रैली शुरू हुई तो वातावरण परशुराम के जयकारों से गूंज उठा। ब्राह्मण समाज के विभिन्न 16 संगठनों की ओर से पहली बार संयुक्त आयोजन हुआ जिसमें समाजजनों ने संगठन की एकता का संदेश दिया। पीछे दो पहिया वाहनों पर युवा जोशीले नारे लगा रहे थे। करीब एक किमी लंबी शोभायात्रा व वाहन रैली में पीछे रथ, बग्घी व जीप में भगवान परशुराम की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही।