पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शोभायात्रा से परशुराम जयंती के आयोजनों की शुरुआत

शोभायात्रा से परशुराम जयंती के आयोजनों की शुरुआत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा

डीजे की धुन पर नाचते-गाते, हाथ में फरसे, ललाट पर तिलक लगाए व गले में भगवा दुपट्टे डाले युवा...। सात घोड़ों पर धर्मध्वजाएं थामे बच्चे..., रथ व अन्य वाहनों पर भगवान परशुराम की झांकी...। इसी के साथ उत्साहित हजारों बेटियां व महिलाएं...। यह नजारा था रविवार सुबह परशुराम जयंती के आयोजनों की शुरुआत पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा का। चार दिवसीय महोत्सव परशुराम महोत्सव समिति के बैनर तले मनाया जाएगा।

नगर परिषद के चित्रकूटधाम स्थित चाणक्य सर्किल से रविवार सुबह शोभायात्रा व वाहन रैली शुरू हुई तो वातावरण परशुराम के जयकारों से गूंज उठा। ब्राह्मण समाज के विभिन्न 16 संगठनों की ओर से पहली बार संयुक्त आयोजन हुआ जिसमें समाजजनों ने संगठन की एकता का संदेश दिया। पीछे दो पहिया वाहनों पर युवा जोशीले नारे लगा रहे थे। करीब एक किमी लंबी शोभायात्रा व वाहन रैली में पीछे रथ, बग्घी व जीप में भगवान परशुराम की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। शोभायात्रा व वाहन रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए करीब 11 बजे जिला जेल के पास परशुराम सर्किल पर पहुंची, जहां, समापन हुआ। शोभायात्रा व वाहन रैली में ब्राह्मण समाज के जनप्रतिनिधि, व्यवसायी व विभिन्न राजनैतिक पार्टियों से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। शोभायात्रा के समापन पर कृषि उपज मंडी के पास महर्षि गौत्तम शिक्षण संस्थान में समाजजनों का स्नेहभोज हुआ।

चित्रकूटधाम स्थित चाणक्य सर्किल से रवाना हुई शोभायात्रा का परशुराम सर्किल पर समापन, आज करेंगे दीपदान, पहली बार 16 ब्राह्मण संगठन रहे साथ, स्नेहभोज हुआ

खबरें और भी हैं...