यूआईटी कर्मचारियों व पार्षद जाट में वार्ता, दोपहर बाद हड़ताल खत्म
यूआईटी कर्मचारी और पार्षद शंकर जाट के बीच समझौता होने के साथ ही मंगलवार लंच के बाद यूआईटी में हड़ताल खत्म हो गई। कर्मचारी काम पर लौट आए।
कर्मचारियों ने एक दिन पहले यूआईटी चेयरमैन गोपाल खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया था। साथ ही हड़ताल को लेकर अवगत कराया था। मंगलवार को कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। यूआईटी आने वाले लोग परेशान होते रहे। इधर, दोपहर 12 बजे करीब पार्षद शंकर लाल जाट यूआईटी पहुंचे। चेयरमैन खंडेलवाल के ऑफिस में यूआईटी कर्मचारियों और पार्षद के बीच समझौता वार्ता शुरू हुई। थोड़ी देर में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। यूआईटी कर्मचारियों ने मना कि बिना सूचना दिए अतिक्रमण हटाने नहीं आएंगे।
पार्षद शंकर जाट ने भी कहा कि हमारे बीच समझौता हो गया है। दोनों पक्षों की ओर मुकदमे वापस लेने को लेकर सहमति हो गई है। जिस जगह यूआईटी कर्मचारी अतिक्रमण हटाने आए थे वे अवैध नहीं है। पुरानी बस्ती रही है। यूआईटी कर्मचारी संघ के महामंत्री ओम तिवाड़ी ने बताया कि आपसी समझौता हो गया है। मुकदमे उठा लेंगे। इस पर हड़ताल समाप्त हो गई।
यूआईटी में चेयरमैन खंडेलवाल ने पार्षद जाट व कर्मचारियों में समझाइश कराई।