पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • घर में आकर छेड़छाड़ करता है पड़ोसी, रिपोर्ट पर लगा दी एफआर...पुलिस के खिलाफ आईं ऐसी शिकायतें

घर में आकर छेड़छाड़ करता है पड़ोसी, रिपोर्ट पर लगा दी एफआर...पुलिस के खिलाफ आईं ऐसी शिकायतें

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राज्य महिला आयोग की ओर से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई की गई। कई महिलाएं तो अपनी तकलीफ सुनाते हुए रो पड़ीं। महिला आयोग की सदस्य अमृता चौधरी व सुषमा कुमावत ने इस दौरान 55 प्रकरण सुने। दो मामलों में पुलिस जांच अधिकारियों को जयपुर तलब किया गया।

कोटड़ी की प्रियंका सोनी ने बताया कि रिश्तेदार मारपीट करते हैं। शिकायत के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इस पर सदस्यों ने जांच अधिकारी को मय पत्रावली 4 जून को जयपुर तलब किया। कलकीपुरा की तारा देवी के मामले में भी आयोग ने जांच अधिकारी को 4 जून को जयपुर तलब किया है। जनसुनवाई में बनेड़ा थाना क्षेत्र की एक महिला पति के साथ पहुंची। उसने कहा कि पड़ोसी घर में आकर छेड़छाड़ करता है। धमकियां देता है। इसका मुकदमा थाने में दर्ज करवाया था। बगैर जांच किए पुलिस ने उसमें एफआर लगा दी। पीड़िता इतना कहते ही रोने लग गई। मामले में आयोग की सदस्य ने कहा कि प्रकरण काे कोर्ट के माध्यम से सुलझाया जाएगा। अन्य पुलिस अधिकारी से जांच कराकर न्याय दिलाएंगे।

एसपी को निर्देश... 12 अन्य मामलों में एसपी को कार्यवाही करने, 8 मामलों में कलेक्टर को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा एक मामले में एसपी एवं कलेक्टर को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। अन्य मामलों में भी संबंधित अधिकारियों को कहा गया। इस दौरान रजिस्ट्रार एवं ओएसडी अजय शुक्ला, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) एलआर गुगरवाल, मांडल डीवाईएसपी चंचल मिश्रा सहित जिला स्तर के कई अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। जनसुनवाई में कलेक्टर शुचि त्यागी, एसपी प्रदीपमोहन शर्मा नहीं आए।

राहत | अब सुन सकेंगी भोलेराम की जन्म से बधिर तीनों बेटियां

सहाड़ा के कालीमगरी निवासी भोलेराम बागरिया की तीनों बेटियां बधिर हैं। जनसुनवाई में उसने इनके लिए श्रवण यंत्र दिलाने की मांग की। सदस्याओं ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को श्रवण यंत्र लगवाने के लिए निर्देश दिए। तब मौके पर ही यंत्र मंगवाकर पूजा, रेखा तथा मंटू बागरिया को दिए गए। श्रवण यंत्र मिलते ही इनके चेहरे खिल उठे। ये यंत्र डॉक्टर से लगवाए जाएंगे।

आयोग अध्यक्ष की तबीयत खराब, नहीं आ सकीं... जनसुवाई में राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्ष सुमन शर्मा भी आने वाली थीं। आयोग की सदस्य सुषमा कुमावत ने बताया कि शर्मा की तबीयत ठीक नहीं है। इस कारण से वह नहीं आ सकीं।

जनसुनवाई में आई 70 वर्षीय राधादेवी प|ी भोलूनाथ ने बताया कि उसके ही परिवार के कुछ लोगों ने खेत छीन लिया। मारपीट करते हैं। इतना कहते ही वह जनसुनवाई कर रहीं सदस्याओं के पांव पकड़ने लग गई। सदस्याओं ने वृद्धा को परेशान करने वालों को पाबंद करने के लिए पुलिस को निर्देश दिए।

एक विवाहिता ने रोते हुए बताया कि पति ने दूसरी शादी कर ली। वह मारपीट करता है। घर से निकालना चाहता है। इसी प्रकार एक विवाहिता ने भावुक होते हुए मारपीट करने वाले पति को पाबंद करने की मांग की। जनसुवाई में एक पिता अपनी दो पुत्रियों को लेकर पहुंचे। बताया कि दोनों पुत्रियों का विवाह एक ही घर में करवाया। ससुराल वाले दोनों से मारपीट करते हैं। घर से निकाला।

आजादनगर में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री को समाज के सात-आठ लोग जबरन उठा ले गए। मामला पुलिस दर्ज नहीं कर रही है।

खबरें और भी हैं...