जलते कचरे से उठी चिंगारी; ट्रांसफार्मर फैक्ट्री में आग
रीको में रीको ऑफिस के पास फैक्ट्री में घटना
भास्कर संवाददाता. भीलवाड़ा
ट्रांसफार्मर फैक्ट्री में बुधवार दोपहर आग लग गई। इससे केबल, प्लास्टिक उपकरण आदि सामान जल गया। प्रतापनगर पुलिस व फायरब्रिगेड ने आधे घंटे में आग बुझाई। आग लगने का कारण सड़क पर जल रहे कचरे से उठी चिंगारी माना जा रहा। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रतापनगर थाने के एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे रीको ऑफिस के पास स्थित बिजली ट्रांसफार्मर निर्माता टाटिया फैक्ट्री में आग लग गई। धुआं व लपटें देख मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। वे आग बुझाने दौड़े लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस व फायर स्टेशन पर सूचना दी। पुलिस व दो दमकलों ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया। इसी तरह दोपहर में चपरासी कॉलोनी स्थित खाली भूखंड में रखे कचरे व घास में आग लग गई। लपटें देखकर लोग घरों से बाहर निकल आए। पुलिस व फायरब्रिगेड ने आग बुझाई।