पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • श्वेत पत्र की मिस्ट्री: दो महीने से आरटीआई में तथ्य जुटा रहे थे कांग्रेस जिलाध्यक्ष की कोर टीम

श्वेत पत्र की मिस्ट्री: दो महीने से आरटीआई में तथ्य जुटा रहे थे कांग्रेस जिलाध्यक्ष की कोर टीम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा के रविवार को पदभार ग्रहण समारोह में भाजपा नेताओं के 300 काम को घोटाला बताते हुए श्वेत पत्र जारी करने के बयान ने जिले की राजनीति में खलबली मचा दी। जिन 300 काम का जिक्र शर्मा कर रहे हैं उनके लिए उनकी एक स्पेशल टीम पिछले दो महीने से तथ्य जुटा रही हैं। इसके लिए उन्होंने कई विभागों में सूचना के अधिकार (आरटीआई) में प्रार्थना पत्र भी लगा रखे हैं। आरटीआई में कई सूचनाएं मिली भी चुकी हैं।

उनका अब जिलाध्यक्ष की टीम विश्लेषण कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिले के करीब-करीब सभी विभागों के ऐसे 300 काम की सूची बनी हैं जिनमें कांग्रेस ने भ्रष्टाचार माना है। श्वेत पत्र के लिए कई तथ्य आना बाकी है इसलिए फिलहाल इसे जारी करने की तारीख तय नहीं की गई है लेकिन जिलाध्यक्ष का दावा है कि विधानसभा चुनाव से पहले श्वेत पत्र जारी कर दिया जाएगा। 300 काम में सबसे ज्यादा यूआईटी के हो सकते हैं।

कांग्रेस की सूची में प्रारंभिक रूप से इन बड़े काम को माना गया है घोटाला

डालडा मिल जमीन: बिलानाम होनी थी जमीन, खातेदारी कर दिया... चित्तौड़गढ़ रोड पर बंद डालडा मिल (राजस्थान वनस्पति प्राइवेट लिमिटेड) की जमीन नई दिल्ली की एक कंपनी के नाम रिवर्ट बैक की गई। कांग्रेस का आरोप है कि इस जमीन को बिलानाम किया जाना चाहिए था लेकिन इसे खातेदारी कर दिया। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव से पहले जुलाई, 2012 में भाजपा नेता किरिट सौमैया ने डालडा मिल की जमीन खरीदने पर श्वेत पत्र जारी किया था। इसमें उन्होंने 756 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया था। उस समय डालडा मिल की जमीन चित्तौड़गढ़ जिले के कांग्रेसी नेता उदयलाल आंजना ने खरीदी थी।

खुद की जमीन नहीं और लोगों को मुआवजा दे दिया ... यूआईटी ने 16.01 बीघा सरकारी जमीन पर कब्जा कर विजयसिंह पथिक नगर विस्तार आवासीय योजना बना दी। 15 लोगों को योजना में से भूखंड मुआवजे के लिए भी दिए। जब मामला कलेक्टर के पास पहुंचा तो यूआईटी अधिकारियों ने जमीन यूआईटी के नाम कराने के लिए कलेक्टर को पत्रावली भेजी। कलेक्टर ने जमीन यूआईटी के नाम नहीं करते हुए मामले की जांच करवाई। जांच में यूआईटी को दोषी माना गया। इस मामले में कलेक्टर तत्कालीन सचिव प्रदीप सिंह सांगावत को कारण बताओ नोटिस जारी कर चुके हैं।

चहेतों को फायदे के लिए जंगल में बना दी 160 फीट चौड़ी सड़क ... चित्तौड़गढ़ रोड पर कुछ बड़े लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए 160 फीट चौड़ी नई सड़क बना दी। जबकि वहां पर आबादी और ट्रेफिक समस्या नहीं है। अब इसका मुआवजा भी दिया जा रहा है। इसी तरह प्रॉपर्टी वालों को फायदा पहुंचाने के लिए आरजिया गांव के पास भी जंगल में 100 फीट सड़क बनाकर सरकारी खजाने का दुरुपयोग किया।

चंबल प्रोजेक्ट: डीपीआर में दो मंजिल पर पानी चढ़ने का जिक्र, घटिया पाइप से काम फेल ... भीलवाड़ा शहर की पेयजल समस्या को देखते हुए पेयजल तत्कालीन केंद्रीय मंत्री डॉ. सीपी जोशी के कार्यकाल में बनी डीपीआर में स्पष्ट था कि चंबल का पानी दो मंजिल में चढ़ेगा। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार के समय घटिया पाइप का इस्तेमाल किया और काम को सही ढंग से नहीं करने के कारण चंबल का पानी एक मंजिल पर भी मुश्किल से चढ़ रहा है।

बिजली निगम: सिक्योर कंपनी पीपीपी मोड से 20 करोड़ ज्यादा कमाएगी ... कांग्रेस ने भीलवाड़ा शहर की बिजली व्यवस्था को सिक्योर कंपनी को पीपीपी मोड में देने को भी घोटाला बताया है। इसे भी श्वेत पत्र में शामिल किया जाएगा। कांग्रेस का मानना है कि जब बिजली व्यवस्था निगम संभाल रहा था उसके बजाय अब सिक्योर कंपनी को करीब 20 करोड़ रुपए अधिक भुगतान किया जाएगा। यह प्योर घोटाला है। थोड़े दिन बाद शहर की जनता रोएगी।

दामोदर अग्रवाल  रामपाल शर्मा

कांग्रेस नेता अपने भ्रष्टाचार छिपाने रहे हैं : अग्रवाल

कांग्रेस का इतिहास घोटाले से रंगा पड़ा है। अपने भ्रष्टाचार को छिपाने और जनता को बरगलाने के लिए कांग्रेस नेता थोथी बातें कर रहे हैं। यह उन्हें शोभा नहीं देता है। कांग्रेस 300 घोटालों की बात कर कर रही हैं । कांग्रेस के नेता भ्रष्टाचार की बातें कर-करके खुद के दामन को पाक साफ बताते हैं। जनता बहुत होशियार है। कांग्रेस द्वारा सूची जारी करने के बाद जो स्थिति आएगी उसका तार्किक जवाब दिया जाएगा।

श्वेत पत्र जारी करने की तारीख तय नहीं: शर्मा आरटीआई सहित विभिन्न स्रोत से जुटाए गए तथ्य के अनुसार सरकारी विभागों में करीब 300 काम ऐसे हैं जिनमें भाजपा राज में खुलेआम भ्रष्टाचार हुआ है। हमारी टीम तथ्य जुटाने में लगी हुई है। श्वेत पत्र जारी करने की अभी तारीख तय नहीं है यह तय है कि चुनाव से पहले इसे जारी किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...