भीलवाड़ा | चित्तौड़-भीलवाड़ा मार्ग पर मंडपिया रेलवे फाटक के पास गत रात एक प्रोसेस हाउस के सिक्यूरिटी ऑफिसर को बाइक पर आए 8-10 नकाबपोश युवकों ने रोका और लोहे के पाइप आदि हथियारों से हमला कर 10 हजार रुपए व सोने की चेन लूट ली। चिल्लाने पर पीछे से प्रोसेस हाउस के श्रमिक पहुंचे तो नकाबपोश युवक भाग निकले। जल्दबाजी में उनकी दो बाइक मौके पर छूट गई। जिसके आधार पर मंगरोप पुलिस हमलावरों का वालों का पता लगा रही है।
मंगरोप एसएचओ नरेंद्र सिंह ने बताया कि खैराबाद का महेंद्र सिंह राणावत जानकी प्रोसेस हाउस में सिक्यूरिटी ऑफिसर है, जो गुरुवार रात ड्यूटी समाप्त होने पर बाइक से घर लौट रहा थे। प्रोसेस हाउस से 100-125 कदम दूर मंडपिया रेलवे फाटक के पास पहुंचा कि सामने से बाइक से आए 8-10 नकाबपोश युवकों ने राणावत की बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर उसे रोक लिया। हथियारों से हमला कर उसकी जेब से 10 हजार रुपए व गले से सोने की चेन छीन ली। राणावत चिल्लाया तो पीछे से प्रोसेस हाउस के श्रमिकों को देखकर युवक भाग निकले। जल्दबाजी में उनकी दो बाइक मौके पर छूट गई। सूचना पर मंगरोप एसएचओ जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे तथा सिक्यूरिटी ऑफिसर से घटना की जानकारी ली। एसएचओ ने बताया कि मौके पर छूटी बाइक के आधार पर दो हमलावरों की पहचान सांवर व गोपाल के रूप में करते हुए मामला दर्ज कर बाइक जब्त की। शेष आरोपियों का भी पता लगाया जा रहा है।
लोहे के पाइप से हमला कर सोने की चेन भी ले गए, दो बाइक छोड़ गए