भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा/बैरा
खेत पर जा रही वृद्धा को शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने रोककर लूटने का प्रयास किया। मारपीट में घायल होने के बावजूद वृद्धा ने आधे घंटे तक बदमाशों से संघर्ष किया। बदमाश उसके जेवर नहीं निकाल सके। वृद्धा के संघर्ष और हल्ला करने से डरकर बदमाशों को भागना पड़ गया। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने जख्मी वृद्धा को अस्पताल पहुंचाया तथा रायला थाने में सूचना दी। रायला पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। वृद्धा के परिजनों ने युवकों द्वारा कोई सामान नहीं ले जाने के कारण रिपोर्ट नहीं दर्ज कराने के लिए लिख कर दे दिया।
जसवंतपुरा गांव की नानू देवी (60) प|ी लक्ष्मण गुर्जर सुबह खेत पर जा रही थी। धर्म तालाब के पास बालेसरिया गांव की तरफ से बाइक पर दो बदमाश आए। दोनों पहले तो आगे निकल गए। लौटकर आए और वृद्धा को रोककर रास्ता पूछने लगे। वृद्धा को बदमाशों पर संदेह हो गया। उसने करीब एक तोला सोने की नथ को खोलकर मुट्ठी में दबा लिया। इसी दौरान बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और लात-घुसों से मारपीट करने लगे। नानू देवी नथ व मादलिया को हाथ में दबाए रही। चिल्लाते हुए उसने भी बदमाशों पर लात व मुक्कों से प्रहार किया। करीब आधा घंटे यह संघर्ष चला। आसपास के खेतों पर लोग काम कर रहे थे। उन्हें आता देख बदमाश भाग निकले।
जसवंतपुरा गांव की वृद्धा खेत पर जा रही थी, मारपीट से जख्मी वृद्धा रायला अस्पताल में भर्ती
बैरां लुटेरों से संघर्ष व मारपीट से घायल वृद्धा उपचार कराते हुए।
अनजान जगह का रास्ता पूछा तो हुआ संदेह... नानीदेवी ने बताया कि अनजान जगह का रास्ता पूछा था। पहले तो वह घबरा गई लेकिन उनके इरादे समझ पानी तब तक युवकों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। उसने नाक से नथ निकालकर मुट्ठी में दबा ली। सोने का मादलिया छीनने के लिए युवक मारपीट करने लगे। उसने चिल्लाते हुए दोनों से करीब आधा घंटे तक संघर्ष किया। चिल्लाने से पास ही खेतों में काम करने वाले दौड़कर आए तो दोनों बाइक से भाग निकले। लात-घुसों से मारपीट से उसके नाक, मुंह व शरीर पर चोटें आईं। बाद में ग्रामीणों ने उसके बेटे गोपाल को सूचना दी। वह मौके पर पहुंचा तथा पास ही स्थित क्लिनिक पर वृद्धा का प्राथमिक उपचार कराया। बाद में उसे रायला चिकित्सालय ले जाया गया।
सांवले रंग के युवकों की भाषा नहीं समझ पाई वृद्धा... वृद्धा का कहना है कि पेंट-शर्ट पहने 25-30 साल के दोनों युवक सांवले थे। हाईवे पर सड़क निर्माण करने वाले श्रमिकों जैसे दिख रहे थे। वे कुछ आगे निकलने के बाद घूम कर वापस आए। दोनों ग्रामीण भाषा नहीं बोल रहे थे। इस कारण वृद्धा उनकी भाषा नहीं समझ पाई। थाना क्षेत्र में हाईवे पर सिक्सलेन का काम चल रहा है, जहां बिहार व उत्तरप्रदेश के श्रमिक काम कर रहे हैं। रायला थाने के ड्यूटी ऑफिसर नारायण सिंह का कहना हैं कि सिक्सलेन पर कार्यरत श्रमिकों से पूछताछ की, लेकिन इसमें उनकी संलिप्तता सामने नहीं आई। वारदात का प्रयास करने वाले क्षेत्र के ही हो सकते है। उनकी तलाश में संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा रही है।