भीलवाड़ा | राम जानकी सामूहिक विवाह समिति व सेवा भारती की ओर से रविवार को दूसरा सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन हुआ। इसमें 31 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कोटा रोड स्थित यश विहार में होने वाले इस सम्मेलन में एक खास संदेश भी था। इसमें पहले सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी करने वाले सभी 30 जोड़ों को बतौर मेहमान आमंत्रित किया गया। इनका सम्मान भी किया। इसलिए कि दांपत्य जीवन में प्रवेश करने वाले नए जोड़ों में सम्मान और आत्मविश्वास का भाव आए।
सामूहिक विवाह समिति के मंत्री किरणसिंह सेठिया ने बताया कि यश विहार से सुबह बिंदोली निकाली गई। 6 बग्गियों में दुल्हनें थीं जबकि सभी 31 दूल्हे घोड़ों बिठाए थे। इसके बाद सामूहिक तोरण और वरमाला की रस्म भी हुई। पिछले वर्ष सम्मेलन में विवाहित जोड़ों को महिला एवं बाल विकास विभाग की आेर से प्राप्त प्रोत्साहन राशि, समिति की आेर से वस्त्र दिए गए।