भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा
प्रतापनगर पुलिस ने शनिवार देर रात पटेलनगर में देवनारायण सर्किल स्थित एक घर में दबिश देकर जुआ-सट्टा का दांव लगाते सात युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 64 मोबाइल, 13 केलकुलेटर, एक लेपटॉप व 5635 रुपए के साथ ही लाखों रुपए का हिसाब लिखी पर्चियां जब्त की गई।
प्रतापनगर एसएचओ नवनीत व्यास ने बताया कि एसपी प्रदीपमोहन शर्मा के निर्देश पर जुआ-सट्टा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार रात करीब 10 बजे सीओ शहर राजेश मीणा व एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पटेलनगर में देवनारायण सर्किल के पास मोहन झुर्रानी के घर दबिश दी। जहां मटका और अंकों पर दांव लगाते सात युवक मिले, जिन्हें पुलिस ने पकड़ा। उनके पास से जुआ-सट्टा में काम लिए जा रहे 64 मोबाइल, एक लैपटॉप, एक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के साथ ही 5635 रुपए व लाखों रुपए का हिसाब लिखी पर्चियां जब्त की गई। पुलिस ने आरसी व्यास कॉलोनी निवासी दिलीप कुमार सिंधी, पटेलनगर के दोलसाना मल सिंधी, बालागंज मंदसौर निवासी वासुदेव सोनी, मंदसौर निवासी राजमल उर्फ राजकुमार अग्रवाल, पुराना बापूनगर निवासी मुकेश सिंधी, पठानी बंगला मंदसौर निवासी आशीष कुमार व नाथद्वारा सराय निवासी देवीलाल सिंधी को गिरफ्तार किया।