ऋण माफी योजना के लिए केंद्रीय सहकारी बैंक की ओर से पायलेट तौर पर दो शिविर लगाए जाएंगे। पहला शिविर 26 मई को सुवाणा जीएसएस और दूसरा शिविर 28 मई को सहाड़ा पंचायत समिति की भूणास जीएसएस में लगाया जाएगा।
पायलेट शिविर से पहले प्रारंभिक शिविर सुवाणा जीएसएस में 23 मई और भूणास जीएसएस में 24 मई को लगाए जाएंगे। दी सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अनिल काबरा ने बताया कि प्रारंभिक शिविर में जिन किसानों का ऋण माफ किया जाना है उनकी सूची लगाई जाएगी।
सूची में नाम या ऋण माफी की राशि में आपत्ति होने पर किसान शिविर प्रभारी या जिला स्तरीय परिवेदना निवारण समिति को आपत्ति कर सकते हैं। जिन किसानों के आधार कार्ड नहीं है या फिर जिनके आधार कार्ड भामाशाह से लिंक नहीं है उनके नाम ऋण माफी योजना की सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। सूची से वंचित किसान आधार कार्ड समिति व्यवस्थापक को जमा करवा सकते हैं और जिनके आधार नंबर से भामाशाह लिंक नहीं है वे लिंक करवाकर जमा करवा सकते हैं।
नियमित रूप से ये शिविर एक जून से शुरू हो जाएंगे। सोमवार को ऋण माफी योजना के संबंध में मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंस ली। इसमें कलेक्टर शुचि त्यागी, एडीएम (प्रशासन) एलआर गुगरवाल, सीसीबी एमडी अनिल काबरा आदि अधिकारी उपस्थित थे।