परशुराम जयंती की शोभायात्रा आज
भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा
श्री परशुराम महोत्सव समिति के बैनरतले समस्त ब्राह्मण समाज की ओर से परशुराम जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। चार दिवसीय महोत्सव की शुरुआत रविवार सुबह शोभायात्रा व वाहन रैली के साथ होगी। आयोजन 18 अप्रैल तक चलेंगे। इस दौरान दीपोत्सव, सुंदरकांड पाठ व हवन-आरती आदि कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रमों के लिए ब्राह्मण समाज के विभिन्न 16 संगठनों के कार्यकर्ता तैयारी में लगे हैं। पहली बार देश में परशुराम जयंती का अवकाश भी घोषित किया गया है।
नगर परिषद चित्रकूट धाम चाणक्य सर्किल से सुबह आठ बजे निकलेगी शोभायात्रा, परशुराम सर्किल पर होगा समापन
पहला दिन : सुबह 8 बजे चाणक्य सर्किल चित्रकूट धाम से बैंडबाजे के साथ शोभायात्रा व वाहन रैली रवाना होगी। शोभायात्रा में आगे ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि नाचते-गाते, झंडियां व फरसा लिए परशुराम का जयघोष करते चलेंगे। पीछे वाहन रैली तथा उसके बाद बग्घी में भगवान परशुराम की झांकी रहेगी। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए जेल चौराहा के पास परशुराम सर्किल पहुंचेगी, जहां महाआरती व अन्य धार्मिक आयोजन के साथ ही सामूहिक स्नेहभोज होगा।
दूसरा दिन: 16 अप्रैल को शाम 7 बजे परशुराम सर्किल पर दीपोत्सव होगा। दीयों की आकर्षक जगमगाहट व जयघोष के बीच समाजजनों द्वारा भगवान परशुराम का गुणगान किया जाएगा।
तीसरा दिन: 17 अप्रैल को शाम 7 बजे परशुराम सर्किल पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा। भगवान परशुराम के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के बाद शुरू होने वाले संगीतमय सुंदरकांड पाठ के दौरान भजनों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
चौथा दिन : 18 अप्रैल को सुबह 7 बजे परशुराम जयंती के दिन ब्राह्मण समाज के लोगों की उपस्थिति में परशुराम सर्किल पर हवन, आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।