सेल टैक्स ऑफिसर पर चाय फेंकी, दो युवक गिरफ्तार
भीलवाड़ा| अजमेर से भीलवाड़ा आ रहे सेल टैक्स ऑफिसर की कार पर गत देर रात लांबिया टोल नाके के ऑपरेटर ने चाय फेंक दी। शीशा खुला होने से चाय अधिकारी पर जा गिरी। इससे वहां विवाद उत्पन्न हो गया। रायला पुलिस मौके पर पहुंची तथा ऑपरेटर व टोल सुपरवाइजर को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। कार में चार अधिकारी सवार थे।
रायला एसएचओ पांचूराम चौधरी ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे सूचना मिली कि लांबिया टोल नाके पर कार सवार लोगों व टोल नाका वालों में विवाद हो रहा है। इस पर वे मौके पर पहुंचे तो पता चला कि अजमेर से भीलवाड़ा की तरफ जा रही कार टोल नाके के पास पहुंची। इसी दौरान केबिन में बैठे टोल ऑपरेटर सरेरी निवासी प्रहलाद कुमावत ने सड़क पर चाय फेंकी।
शीशा खुला होने से फेंकी गई चाय अधिकारी पर जा गिरी। इससे वहां विवाद की स्थिति बन गई। टोल ऑपरेटर प्रहलाद व टोल सुपरवाइजर भैरूखेड़ा निवासी लक्ष्मण गुर्जर कार सवार अधिकारियों से उलझने लगे। मौके पर पहुंचे एसएचओ ने घटना की जानकारी लेने के बाद टोल ऑपरेटर व टोल सुपरवाइजर को शांतिभंग में गिरफ्तार किया तथा कार सवार अधिकारियों को समझाकर मामला शांत किया। इस संबंध में किसी की तरफ से कोई रिपोर्ट नहीं दी है।