- Hindi News
- National
- पिता की इच्छा के विरुद्ध मां और मामा करा रहा था नाबालिग बेटी की शादी, पुलिस ने कराया पाबंद
पिता की इच्छा के विरुद्ध मां और मामा करा रहा था नाबालिग बेटी की शादी, पुलिस ने कराया पाबंद
भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा
मंगरोप पुलिस ने पिता की इच्छा के विरुद्ध आगामी 29 अप्रैल को उसकी नाबालिग बेटी की शादी कराने जा रहे मामा को पाबंद किया। वहीं प्रतापनगर पुलिस ने गांधीनगर में शनि मंदिर के पास बुधवार को अक्षय तृतीया पर दो बड़ी बहनों के साथ किए जा रहे नाबालिगा के विवाह को रुकवाया।
मंगरोप एसएचओ मूलचंद ने बताया कि मंगलवार रात सूचना मिली कि सदर थानान्तर्गत रीछड़ा गांव की एक महिला पाटनिया में रहने वाले अपने भाई राजू गुर्जर के साथ मिलकर अपनी नाबालिग बेटी की आगामी 29 अप्रैल को शादी कराएगी। जबकि नाबालिग के पिता इस विवाह के पक्ष में नहीं है। इस पर गत रात मंगरोप पुलिस पाटनिया में रहने वाले राजू गुर्जर के घर पहुंची तथा उसे नाबालिग भांजी की शादी नहीं कराने के लिए पाबंद किया। इसी तरह बुधवार दोपहर सिटी कंट्रोल रूम पर जयपुर चाइल्ड लाइन से सूचना मिली कि प्रतापनगर थानान्तर्गत गांधीनगर में शनि मंदिर के पास मांगीलाल गाडरी द्वारा अपनी नाबालिग बेटी की अक्षय तृतीया पर शादी की जा रही है।
इस पर प्रतापनगर थाने से एएसआई गोपाल लाल मौके पर पहुंचे तो सामने आया कि वहां दो बड़ी बहनों के साथ नाबालिगा की भी कराई जानी थी, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंची तथा तहसीलदार को अवगत कराया। तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी मौके पर पहुंचे तथा पुलिस के सहयोग से नाबालिग बेटी की शादी नहीं कराने के लिए पाबंद किया।