कॉलेज के 108 व्याख्याताओं को साढ़े दस करोड़ रुपए एरियर मिलेगा
एमएलवी और सेमुमा गर्ल्स कॉलेज के व्याख्याताओं को करीब साढ़े दस करोड़ रुपए का एरियर मिलेगा।
एमएलवी कॉलेज ने करीब साढ़े छह करोड़ और सेमुमा गर्ल्स कॉलेज की ओर से 4 करोड़ रुपए का एरियर देने का प्रस्ताव भेजा गया है। कॉलेज व्याख्याताओं को सातवें वेतन आयोग का एरियर मिलना बाकी था। इस बीच कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय की ओर से प्रत्येक कॉलेज से जानकारी मांगी गई कि कितने व्याख्याताओं को कितना एरियर दिया जाना है। इस पर सभी महाविद्यालयों की ओर से ऑनलाइन प्रस्ताव बनाकर भेजा गया। एमएलवी कॉलेज में 63 कार्यरत और 7 रिटायर व्याख्याताओं को करीब साढ़े छह करोड़ रुपए का एरियर मिलना है। सेमुमा गर्ल्स कॉलेज में 38 व्याख्याताओं के लिए करीब चार करोड़ रुपए का प्रस्ताव है।
औसतन 8 लाख रुपए मिलेंगे एक व्याख्याता को
कॉलेज व्याख्याताओं को 2.57 गुना के हिसाब से सातवें वेतन आयोग का लाभ मिलना है। यानि एक जनवरी 2016 को जो बेसिक सैलरी थी उसका 2.57 गुना के हिसाब से सातवें वेतन आयोग का लाभ मिलेगा। फिर ग्रेड के अनुसार व्याख्याताओं को अलग-अलग परिलाभ मिलता है। इसके अनुसार 8 से 11 लाख रुपए तक का एरियर मिलने की संभावना है। औसतन एक व्याख्याता को 8 लाख रुपए का एरियर मिलेगा।