उदयपुर-अजमेर ट्रेन दो घंटे 20 मिनट लेट पहुंची
भीलवाड़ा | अजमेर में शाम 6 बजे मायरा भरना था। इसके लिए उदयपुर से ट्रेन में निकले थे लेकिन किसको पता था कि यह ट्रेन इतनी लेट हो जाएगी कि अजमेर पहुंचना ही मुश्किल हो जाएगा। शाम 4 बजकर 30 मिनट पर भीलवाड़ा पहुंची है।
अब पता नहीं अजमेर कब पहुंचेगी। यह दर्द एक उदयपुर से आ रही महिला का था जो अजमेर में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थी। उदयपुर-अजमेर पैसेंजर ट्रेन 2 घंटे 20 मिनट लेट होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। उदयपुर से चलने वाली पैसेंजर ट्रेन चित्तौड़ से 12.45 बजे चलती है। यहां से भीलवाड़ा आने में एक घंटा 25 मिनट लेती है और 2 बजकर 10मिनट पर भीलवाड़ा पहुंचती है। हमीरगढ़ और सोनियाणा के बीच इंजीनियरिंग ब्लॉक लिया हुआ था। इस कारण गंगरार स्टेशन पर ट्रेन को रोका गया। तीन-तीन मिनट के स्टॉपेज पर ट्रेन करीब दो घंटे रुकी रही। सोनियाणा में 20 मिनट ट्रेन को रोक दिया गया। इधर, मालगाड़ी व अन्य ट्रेन भी मंडपिया, हमीरगढ़ स्टेशनों पर रुकी रही।