उद्योगों में एससी-एसटी के कर्मचारी 15 प्रतिशत से अधिक तो सब्सिडी मिलेगी
अंबेडकर जयंती पर सीएम की कई घोषणाएं
पॉलिटिकल रिपोर्टर | जयपुर
डॉ. भीमराव अंबेडकर की 127वीं जयंती पर शनिवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सीएम वसुंधरा राजे ने कई घोषणाएं की। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि कुछ लोग आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन आरक्षण न तो खत्म हुआ है और न कभी होगा। सरकार अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। राजे ने घोषणा की कि सरकार एससी-एसटी के युवाओं के लिए उद्योग में रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने के लिए देश में अपनी तरह की पहली योजना ला रही है। इसके तहत यदि किसी उद्यम में राजस्थान के मूल निवासी एससी-एसटी के कर्मचारी 15 प्रतिशत से अधिक नियुक्त किए जाते हैं तो प्रत्येक एससी-एसटी कर्मचारी के लिए एम्पलॉयमेंट सब्सिडी 5000 से 10 हजार रु. की जाएगी। अधिकतम कुल सब्सिडी 85 हजार रुपए प्रति व्यक्ति प्रतिवर्ष दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 191 नगरीय निकायों में अम्बेडकर भवन की नींव रखी। उन्होंने कहा- बाबा साहब के जन्मदिन के अवसर पर 21,136 सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है।
नवजातों के हृदय रोग ऑपरेशन निःशुल्क होंगे
राजे ने घोषणा करते हुए कहा कि नवजात शिशुओं में जन्मजात हृदय जटिलताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ऐसे नवजात शिशुओं के त्वरित उपचार के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा श्रेणी के अतिरिक्त उन सभी परिवारों जिनकी वार्षिक आय 2.50 लाख रु. से कम है उनके नवजात शिशुओं के ऑपरेशन की व्यवस्था निशुल्क करवाएगी।