- Hindi News
- National
- ग्रामीणों ने कलेक्टर से की फ्लोराइड युक्त पानी और गंदगी की शिकायत, अधिकारियों को समाधान के निर्देश
ग्रामीणों ने कलेक्टर से की फ्लोराइड युक्त पानी और गंदगी की शिकायत, अधिकारियों को समाधान के निर्देश
भीम . रात्रि चौपाल में कस्बे वासियों की समस्या सुनते ग्रामीण और अन्य अधिकारी। (बाएं) मौजूद कस्बे के लोग।
भीम | भीम कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में शुक्रवार को रात्रि चौपाल कलेक्टर प्रेमचंद बेरवाल की अध्यक्षता में हुई। चौपाल में नेड़ी, ग्राम वासियों ने फ्लोराइडयुक्त पेयजल समस्या के समाधान की मांग की। इस पर कलेक्टर ने जलदाय विभाग को जल्द समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। कस्बे के धर्मेशपुरी की महिलाओं ने पेयजल समस्या रखते हुए गली मोहल्ले में गंदगी को लेकर रोष जताया। कस्बे में सार्वजनिक महिला शौचालय नहीं होने से महिलाओं को होने वाली परेशानी की समस्या के बताई। चौपाल के दौरान भीम एसडीएम भंवरलाल जनागल, डीएसपी जैनेंद्र कुमार, भीम थानाधिकारी लाभूराम विश्नोई, तहसीलदार कैलाशचंद्र नायक, बीईईओ पृथ्वी सिंह कच्छावा आदि थे। कस्बे के भीकमचंद कोठारी, गोपाल सिंह पीटीआई, ठाकुर सिंह आदि ने कस्बे के ट्रक स्टैंड चौराहे पर निजी ट्रेवल्स बस के जमावड़े से आए दिन दुर्घटना होने से कलेक्टर के समक्ष समस्या रखी। कस्बे की यातायात व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की। ग्रामीणों ने राजसमंद कलेक्टर को बताया कि कस्बे में संचालित एसबीआई बैंक में शाखा प्रबंधक ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है तथा भीम में लगे सभी एटीएम हर समय बंद पाए जाते है। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियो को निर्देश दिए कि समय-समय पर राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाए और तत्परता से अपने लक्ष्य अर्जित करें। साथ ही उपखंड क्षेत्र की समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण करने के लिए एसडीएम को निर्देश दिए। इस दौरान राजसमंद पटवार संघ के जिलाध्यक्ष मिठू सिंह चौहान, विद्युत विभाग, जलदाय विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग आदि विभागों के कई कर्मचारी मौजूद थे।