- Hindi News
- National
- मावली थाने से सरपंच के बेटे की कार चोरी, पहले से दर्ज एक मामले की जानकारी लेने आए थे
मावली थाने से सरपंच के बेटे की कार चोरी, पहले से दर्ज एक मामले की जानकारी लेने आए थे
मावली थाने के बाहर से रविवार को भीमल सरपंच निर्भय सिंह कीतावत के बेटे फतह सिंह की कार चोरी हो गई। फतह एक माह पहले थाने में दी रिपोर्ट के बारे में जानकारी लेने गए थे और उनकी कार थाने के बाहर खड़ी थी। अब सरपंच के बेटे ने चोरी की दूसरी रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार फतह सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि एक माह पहले गांव के ही मित्र देवेन्द्र सिंह ने अपने बाड़े में चोरी करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ पुलिस के सुपुर्द किया था। इसी मामले को लेकर वे रविवार दोपहर 12.20 बजे मावली थाने में पहुंचे। उनके साथ देवेन्द्र भी था। उन्होंने महिन्द्रा एक्सयूवी गाड़ी थाने के बाहर खड़ी की थी। 12.50 बजे जब थाने से बाहर निकला तो गाड़ी वहां नहीं थी। फतह सिंह ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और नाकाबंदी कराई। मावली चौराहे पर सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। फतह सिंह ने बताया कि गाड़ी चोरी होने के कुछ देर बाद ही एक व्यक्ति का फोन आया जिसने कहा कि गाड़ी लेकर जा रहा हूं। इधर, पुलिस का कहना है कि दर्ज रिपोर्ट में फतह सिंह ने बताया कि राजू नामक व्यक्ति से पैसे के लेनदेन का मामला है। इसी कारण से गाड़ी उठाकर ले गया। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।