ग्राम पड़ांगा में शुक्रवार शाम टोल प्लाजा के अधिकारियों के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। देर शाम तक भिनाय उपखंड अधिकारी राजेन्द्रसिंह शेखावत एवं थानाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा टावर पर चढ़े युवक से समझाइश की। करीब 3 घंटे से ज्यादा समय तक युवक टावर पर चढ़ा रहा। टोल अधिकारियों के आश्वासन के बाद युवक नीचे उतरा।
पड़ांगा निवासी युवक भागचंद भाटी बांदनवाड़ा स्थित टोल प्लाजा पर कार्यरत था। युवक मानसिक विक्षिप्त बताया जा रहा है। जबकि टावर पर चढ़े युवक ने बताया कि वह काफी समय से बांदनवाड़ा स्थित टोल प्लाजा पर कार्यरत था परंतु वेतन विसंगतियों को लेकर उसे नौकरी से निकाल दिया गया। साथ ही उसे तीन-चार माह का वेतन भी नहीं दिया गया। युवक की मांग है कि उसे पुन: टोल प्लाजा पर बतौर कर्मचारी रखने के साथ बकाया तीन-चार माह का वेतन भी दिया जाए। प्रशासन को मोबाइल टावर पर युवक के चढ़ने की जानकारी हुई तो अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा समझाइश के प्रयास किए गए। मौके पर पहुंचे टोल अधिकारियों की प्रशासन के साथ वार्ता हुई। इसके बाद टोल अधिकारियों ने युवक को फिर से नौकरी पर रखने का अाश्वासन दिया। इस पर युवक टावर से नीचे उतरा।
बांदनवाड़ा. समीपवर्ती ग्राम पड़ांगा में मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक।