- Hindi News
- National
- जुलूस निकालने की कोशिश करने वालों को खदेड़ा, बसें बंद होने से यात्री रहे परेशान
जुलूस निकालने की कोशिश करने वालों को खदेड़ा, बसें बंद होने से यात्री रहे परेशान
बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की 127 वीं जयंती पर जिले में धारा 144 के कारण शनिवार को दो-दो के समूह में लोग माल्यार्पण के लिए पहुंचे। वहीं कांग्रेस ने पार्टी कार्यालय (परशुराम धर्मशाला) पर दोपहर तीन बजे अंबेडकर की जयंती मनाई। यह सूचना जब पुलिस प्रशासन तक पहुंची तो, अचानक बड़ी संख्या में वहां पुलिस फोर्स पहुंचा। लेकिन कार्यक्रम में मौजूद लोगों की वीडियोग्राफी के बाद पुलिस अफसर वापस लौट गए। जबकि कार्यक्रम चलता रहा। वहीं अटेर रोड पर कुछ युवाओं ने ठेले पर बाबा साहब की प्रतिमा रखकर जुलूस निकालने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। इधर, बसें और ऑटो बंद होने से यात्रियों का भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्हें शहर के बाहर तक पैदल जाना पड़ा। उधर, जिनके घरों में शादियां थी, उन्हें सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ा। क्योंकि बाजार न खुलने से लोगों को खरीदारी के लिए परेशान होना पड़ा।
जिले में पहली बार बाबा साहब की जयंती पर बंद जैसी स्थिति नजर आई। प्रशासन द्वारा धारा 144 लागू कर दिए जाने से शहर सहित अंचल में कहीं भी रैली और जुलूस का आयोजन नहीं हुआ। इस दौरान डीआईजी सिद्धार्थ वी लार्ड और अपर आयुक्त आरबी प्रजापति ने पहले ही भिंड में डेरा डाल लिया था। उन्होेंने शनिवार की सुबह कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी और एसपी प्रशांत खरे के साथ शहर का भ्रमण किया। इसके पश्चात पुलिस कंट्रोल रूम में बैठकर पूरे जिले में नजर रखी। वहीं राज्य सफाई कामगार आयोग के सदस्य सुनील बाल्मीक ने अपने ही निवास पर बाबा साहब की जयंती मनाई और लोगों से शांति की अपील की।
जिनके घर शादियां, उन्हें हुई परेशानी, न खरीदारी कर पाए न लगुन-फलदान में मेहमानों को बुला पाए
आॅटो-टेम्पो नहीं चलने से स्टेशन से पैदल जाते लोग।
यात्रियों को शहर के बाहर ही उतारा, नहीं मिले टेम्पो
शनिवार को बंद के चलते दीगर जिलों से आई बसों ने शहर के अंदर प्रवेश नहीं किया। ग्वालियर, इटावा की ओर से आई बसों ने शहर के बाहर ही यात्रियों को उतार दिया। वहीं शहर में ऑटो टेम्पो का संचालन पूरी तरह से बंद रहा। इस वजह से यात्रियों को सामान लेकर पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। इसके अलावा शहर में विभिन्न प्वाइंट्स पर लगे पुलिस जवानों ने दो पहिया वाहनों से गुजर रहे लोगों के वाहनों के कागज और उनके आईकार्ड भी चेक किए।
धारा 144 के कारण दो-दो लोग ही जाने दिए
भीम नगर में प्रतिमा स्थल पर खड़े लोग व पुलिस।
शहर में धारा 144 लगी होने से भीमनगर, बीटीआई रोड, चंदन पुरा, देहात थाने के सामने स्थापित डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए दो-दो के ग्रुप में लोग पहुंचे। यहां पर लोगों को एक साथ जाने की अनुमति नहीं थी। कुछ लोगों ने ज्यादा संख्या में जाने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
बाजार बंद, नहीं हो पा रही खरीदारी
शहर के वीरेंद्र वाटिका हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी श्याम सिंह ने बताया कि आज उनके लड़के कुलदीप का लगुन फलदान है। शाम को मेहमानों का भोज है। लेकिन धारा 144 लागू होने की वजह से काफी परेशानी आ रही है। शाम चार बज रहे हैं कि लेकिन टेंट वाला नहीं आया है। बाजार न खुलने से खरीदारी भी नहीं कर पा रहे हैं। 20 रुपए का सामान चोरी छिपे 40 रुपए में खरीदना पड़ रहा है, जिससे नुकसान हो रहा है। श्याम सिंह ने बताया कुलदीप हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी के सगे छोटे भाई सुल्तान सिंह के नाती हैं।
कांग्रेस कार्यालय पर मनी जयंती, पुलिस को भी भगाया
शनिवार दोपहर जब कांग्रेस कार्यालय पर अंबेड़कर जयंती मनाई जा रही थी, उसी दौरान कुछ सिपाही कार्यालय के अंदर पहुंचकर वीडियोग्राफी करने लगे। तभी कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश दुबे ने कहा कि आप कौन और कैसे अंदर आए। इस पर सिपाहियों ने कहा कि टीआई साहब ने भेजा है, इसके बाद वे कार्यालय से बाहर निकल गए और टीआई भी अंदर नहीं आए। कार्यक्रम के दौरान जिला सचिव महेश जाटव, रामदास सोनी, डॉ. राधेश्याम शर्मा, मनोज दैपुरिया, शहर अध्यक्ष रहीश खान, बाबा भगवानदास सेंथिया, थान सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बेटी की शादी की रौनक हुई फीकी: रामकुमार
गुलाब बाग निवासी रामकुमार शर्मा की बेटी श्वेता की आज शनिवार को शादी है। रामकुमान ने बताया कि बेटी शादी धूमधाम से करने के लिए काफी तैयारी की थी। लेकिन शादी के दिन ही धारा 144 लागू होने से जहां छोटे छोटे सामान के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वहीं बैंडबाजे और डीजे पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिससे पूरी शादी की रौनक गायब हो गई है। इसीप्रकार मेहगांव के माता वाली गली निवासी बृजेश चौधरी ने बताया कि उन्हें आज बेटी का फलदान गोहद के पास पाली गांव लेकर जाना है। फल सहित अन्य सामान खरीदना था। दुकानदारों के घर जाकर उनके हाथ जोड़कर औनेपौने दामों में सामान खरीदना पड़ रहा है।