सीएमओ के हस्ताक्षर अपडेट नहीं, विकास कार्य अटके
मूर्ति और वार्डों में सड़कों के लिए नहीं हो पा रही टेंडर प्रक्रिया
भास्कर संवाददाता | भिंड
शहर में इनदिनों विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। इसका कारण नगर पालिका सीएमओ जेएन पारा के डिजिटल हस्ताक्षर(डोंगल) मियाद पूरी हो गई है। परिणाम स्वरूप विकास कार्य संबंधी निविदा आदि कार्रवाई जहां अटक गई है। ऐसी स्थिति में संबंधीत ठेकेदार पिछले 20 दिन से नपा के चक्कर लगा रहे हैं।
सीएमओ के डिजिटल हस्ताक्षर की समय अवधि एक साल की थी। इस दौरान उन्होंने इस अवधि को छह महीने के लिए रिन्यू कराया था, लेकिन 20 दिन पहले यह समय सीमा पूरी से अब किसी की भी विकास कार्य संबंधि निविदा पर उनके डिजिटल हस्ताक्षर को शासन की ओर से मान्य नहीं किया जा रहा हैं। इस कारण से जहां नपा के कर्मचारी परेशान हैं तो दूसरी ओर संबंधित टेंडर के ठेकेदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस संबंध में नपा कर्मचारियों का कहना है कि सीएमओ के डिजिटल हस्ताक्षर मान्य न होने से शहर में चलने वाली मूर्ति के टेंडर, वार्डों में नवीन सड़कों के टेंडर अटके हुए हैं। ऐसे में शहर में होने वाले विकास कार्य ठप हो गए हैं।
वहीं सीएमओ का जेएन पारा का कहना है कि डिजिटल हस्ताक्षर रिन्यू कराने के लिए दो दिन बाद भोपाल जाऊंगा।