सोशल मीडिया पर मानीटरिंग के लिए पुलिस अफसर बनाएंगे व्हाट्सएप ग्रुप
ग्रुप में जुड़ेंगे सिर्फ पुलिस अफसर
भास्कर संवाददाता | भिंड
सोशल मीडिया पर लगातार चल रहे अफवाहों के दौर और उससे बिगड़ रही जिले की शांति व्यवस्था को लेकर अब पुलिस ने सोशल मीडिया की मॉनीटरिंग को ओर बारीकी से करेगी। साथ ही अफवाहों को फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अब जिले की पुलिस सोशल मीडिया मॉनीटरिंग सेल नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाने जा रही है।
यहां बता दें कि हाल ही में 10 अप्रैल को सोशल मीडिया के आव्हान पर भारत बंद हुआ, जिसमें बिहार के कुछ राज्यों में हिंसा हुई। हालांकि जिले में यह बंद जिला प्रशासन की पूरी सतर्कता की वजह से शांतिपूर्ण रहा। लेकिन इससे पहले दो अप्रैल को एससी एसटी एक्ट के विरोध में हुए बंद के दौरान जिले में काफी उपद्रव हुआ।
परिणामस्वरूप चार लोगों की मौत हो गई। ऐसे में अब पुलिस सोशल मीडिया की मॉनीटरिंग को ओर गंभीरता से लेगी। एसपी प्रशांत खरे के मुताबिक आईजी संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर सोशल मीडिया मॉनीटरिंग सेल नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा, जिसमें जिले के सभी पुलिस अफसर जुड़े रहेंगे। यह अफसर जिले के विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुपों पर चल रही अफवाहों के मैसेज का स्क्रीनशॉट काटकर उस ग्रुप में डालेंगे। इसके बाद सायबर सेल की टीम उसका तत्काल परीक्षण कर पोस्ट डालने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी धारा 144 लागू
यहां बता दें कि जिले में इन दिनों सोशल मीडिया पर धारा 144 लागू है। तब से अब तक करीब पांच मामले विभिन्न पुलिस थानों में व्हाट्सएप ग्रुप पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ दर्ज हो चुके हैं। वहीं इस ग्रुप के बनने के बाद इन मामलों की संख्या बढ़ सकती है। सूत्रों की मानें तो ग्रुप के एक्टिव होते ही 10 से 12 नए मामले में विभिन्न थानों में दर्ज होंगे।
भड़काऊ पोस्ट मिलने पर होगी कार्रवाई
सोशल मीडिया की मॉनीटरिंग के लिए एक व्हाट्सएप अप ग्रुप बनाया जाएगा, जिसमें सिर्फ पुलिस अफसर जुड़े रहेंगे। कोई भी भड़काऊ पोस्ट मिलने पर संबंधित पुलिस अफसर उसका स्क्रीन शॉट लेकर उस ग्रुप में डालेगा। इसके बाद सायबर सेल की टीम उस पर कार्रवाई करेगी। प्रशांत खरे, एसपी भिंड