सामाजिक कुंभ में कानून व्यवस्था बेहतर रहे: मंत्री
रावतपुराधाम में 22 से 26 अप्रैल तक सामाजिक कुंभ का आयोजन विश्वशांति के लिए होने जा रहा है। इस कुंभ में सुरक्षा की दृष्टि से कानून व्यवस्था बेहतर होना चाहिए। साथ ही यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई परेशान न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। यह बात शनिवार को जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने रावतपुरा में आयोजित विभागीय अधिकारियों की बैठक में अधिकारियों से कही।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस के अधिकारी वायरलेस सिस्टम सहित कुंभ में ड्यूटी करें। जिससे सूचनाओं के आदान प्रदान में आसानी होगी। इसी प्रकार रावतपुराधाम के आसपास के क्षेत्र में श्रद्घालुओं और नागरिकों के आने जाने की संभावना को ध्यान में रखते हुए सड़क की सुविधाएं विकसित की जाएं। इसी क्रम में कलेक्टर इलैया राजा टी ने कहा कि पीएचई विभाग के माध्यम से पेयजल की सुविधा की दिशा में 15 हैंडपंपों में मोटर डाल दी गई है। साथ ही तीन हैंडपंप लगाए जा चुके हैं। इसी प्रकार दो हैंडपंप और लगाए जा रहे है। पीएचई के, उपयंत्री, सहायक यंत्री की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। साथ ही जिला अधिकारी भी समय समय पर विभागीय कार्य का पर्यवेक्षण करेंगे। विद्युत कंपनी के माध्यम से 6 ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। साथ ही रावतपुरा के क्षेत्र में स्थित अन्य ट्रांसफार्मरों के माध्यम से बिजली सप्लाई के इंतजाम किए जा रहे हैं। इस मौके पर विविन्न अिधकारी मौजूद रहे।