मिट्टी डालकर ठेकेदार ने 4 सड़कों का निर्माण बीच में ही किया बंद
ठेकेदार ने सड़क का निर्माण कार्य बीच में ही कर दिया बंद।
बिजली कंपनी से हाईवे तक एक किमी में रोड पर मिट्टी
बिजली कंपनी अकोड़ा से हाईवे तक करीब एक किमी की रोड का निर्माण होना है। रोड की मंजूरी मिलने के बाद भी ठेकेदार ने काम प्रारंभ नहीं कराया है। पूर्व में रोड पर डाली गई मिट्टी व बोल्डर से होकर लोगों की आवाजाही रहती है। बरसात के दिनों में इस रोड पर हालात आवागमन की दृष्टि से प्रतिकूल हो जाते हैं। लोगों को दूसरे रास्ते से होकर मैन रोड पर पहुंचना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि रोड मंजूर तो कर दी है, लेकिन निर्माण का काम अभी तक नहीं किया गया है। बता दें कि दो माह बाद बरसात शुरू हो जाएगी, एेसी स्थिति में रोड का काम बंद हो जाएगा। अगर ठेकेदार ने जल्द ही काम प्रारंभ नहीं कराया तो रोड छह महीने तक टल जाएगी। वहीं इस रोड पर दिनभर धूल उड़ती रहती है। इसके कारण यहां से होकर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छकूपुरा तक पौने तीन किमी बननी है सड़क
अकोड़ा नगर परिषद से छकूपुरा तक पौने तीन किमी की लंबाई में सीसी रोड का निर्माण होना है। यह रोड चार माह पहले मंजूर की गई है, जिसका टेंडर भी ठेकेदार को जारी कर दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया होने के बाद भी ठेकेदार ने रोड का काम प्रारंभ नहीं कराया है। रोड पर महज काम के नाम पर मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी गई है। रोड पर बिछाई गई मिट्टी पर बरसात होने के बाद हालात बद से बदतर हो जाते हैं। रोड से वाहन तो दूर पैदल तक निकलना दूभर हो जाता है। स्थिति यह हो जाती है कि इमरजेंसी के वक्त गांव में एंबुलेंस तक नहीं पहुंचती है। मगर निर्माण को लेकर ठेकेदार व विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बनाया रास्ता
निर्माण के लिए अटकी सड़कों पर रास्ता बहाल करने के लिए स्थानीय लोगों ने मिट्टी डालकर रास्ता बना लिया है। बिजली कंपनी से जगन्नाथ के मकान तक रोड पर ग्रामीणों का अधिक आवागमन रहता है, लेकिन रोड खराब होने के कारण लोगों को घूमकर रास्ता तलाशना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों ने इस रोड पर मिट्टी व मुरम डलवाकर रास्ता बहाल कराया है। इसी तरह से अन्य सड़कें भी प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के कारण अटकी हुई हैं। जिस पर जिम्मेदार कतई ध्यान नहीं दे रहे हैं। बता दें कि ग्रामीणों द्वारा इन सड़कों को बनाने की मांग कई बार उठी है, लेकिन हर बार अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन देकर लोगों को गुमराह किया है।
सड़क नहीं बनने से बढ़ रही है परेशानी
गांव से स्टेट हाइवे तक रोड मंजूर है। रोड नहीं बनने से आवागमन में परेशानी हो रही है। इस संबंध में कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया गया है। रुकुम, स्थानीय रहवासी, अकोड़ा
प्रशासन ने नहीं दिया ध्यान
दो माह बाद बरसात प्रारंभ हो जाएगी, लेकिन ठेकेदार ने रोड का काम अभी तक शुरू नहीं कराया है। प्रयाग सिंह, स्थानीय निवासी, अकोड़ा
हम जांच कराएंगे
सड़कों का निर्माण किन कारणों से अटका हुआ है, इसकी हमें जानकारी नहीं है। हम रिकॉर्ड चेक कर ठेकेदार को निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश जारी करेंगे। -संतोष तिवारी, एसडीएम, भिंड