शिक्षा विभाग का परिवेदना निवारण शिविर 18 मई को
शिविर में होगा शिक्षक व कर्मचारियों की स्थापना संबंधी समस्याओं का निराकरण
भास्कर संवाददाता | भिंड
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विकासखंड स्तरीय विभागीय परिवेदना निवारण शिविर 18 मई को लगाया जाएगा। विभागीय शैक्षणिक अमले यथा शिक्षक और अन्य कर्मचारियों को स्थापना संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए बार-बार विकास खण्ड, जिला संभाग कार्यालयों या संचालनालय तक जाना पड़ता है। इससे न केवल शैक्षणिक प्रगति प्रभावित होती है, अपितु अमले को परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है।
इसी समस्याओं के निराकरण के लिए शिक्षा विभाग के अधीन समस्त विकास खंडों के उत्कृष्ट उमा विद्यालयों पर परिवेदना निवारण शिविर लगाया जायेगा। बीईओ शिविर के नोडल अधिकारी होंगे। आयोजन का समय सुबह 10.30 से 5.30 बजे तक रहेगा। शिविर में शिक्षा विभाग के अधीन सभी संस्थाओं के तृतीय तथा चतुर्थ वर्ग के शासकीय कर्मचारी, सहायक अध्यापक, अध्यापक, वरिष्ठ अध्यापक, सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता, प्राचार्य एवं अन्य विभागीय अमला शामिल होगा।
दे सकंंेगे आवेदन
ये अपनी स्थापना संबंधी समस्या के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। शिविर में स्थापना संबंधी सभी शिकायतों, वरिष्ठता निर्धारण, समयमान वेतनमान, क्रमोन्नति, वरिष्ठ वेतनमान, वेतन संबंधी समस्या, वेतन वृद्वि, सामान्य भविष्य निधि अंशदान कटोत्रा, अवकाश संबंधी समस्या, गोपनीय चरित्रावली आदि से संबंधित आवेदन लिये जायेंगे। यह शिविर व्यक्तिगत परिवेदनाओं के लिए है, इसमें स्थानांतरण, नीतिगत निर्णय, मांग और सुझाव संबंधी आवेदन नहीं लिए जाएंगे।