पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जेसीबी ने फिर तोड़ी पानी की मेन पाइप लाइन, आपूर्ति ठप होने से लाेग परेशान

जेसीबी ने फिर तोड़ी पानी की मेन पाइप लाइन, आपूर्ति ठप होने से लाेग परेशान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिटी कोतवाली के सामने सीवर प्रोजेक्ट के लिए खुदाई करती जेसीबी मशीन।

कलेक्टर को दिया था ज्ञापन

स्थानीय निवासी बृजलाल शिवहरे,एडवोकेट अभिलाख सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि पाइप लाइन टूट जाने के बाद सीवर कंपनी द्वारा इस को नहीं जोड़ा गया। जिसकी शिकायत हम लोगों ने कलेक्टोरेट में कलेक्टर इलैया राजा टी को ज्ञापन देकर शिकायत की थी। उन्होंने जल्द लाइन जोड़ने जाने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन अभी तक लाइन को जोड़ा नहीं गया है। स्थिति यह है कि घरों पर पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। वहीं लाइन टूटी होने से पीने का शुद्ध पानी नाले में बहकर बर्बाद हो रहा है। साथ ही नगर पालिका के अधिकारी भी हमारी समस्या को सुन नहीं रहे हैं। हमारे घरों में नल नहीं आने से हम लोगों की दिनचर्या बदल गई है। जिससे काफी परेशानी हो रही है। इसके अलावा कंपनी की आेर से सीवी लाइन डालने में कई प्रकार की अनियमितताएं बरती जा रही हैं। जिस पर प्रशासन और नपा के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।

छोटी पाइप लाइन भी टूटी

जेसीबी मशीन से पाइन लाइन टूटने के अलावा रोड के किनारे मुख्य पाइप लाइन से जुड़ी हुई छोटी पाइप लाइन भी खुदाई के दौरान मिट्‌टी के वजन से टूट गई हैं। स्थिति यह है कि बायपास के किनारे पानी का संकट गहरा गया है। इस संबंध में लोगों ने नगर पालिका जनप्रतिनिधिओं और अधिकारियों से शिकायत की है। लेकिन उसके बाद भी वे समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

बायपास किनारे सीवर खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन से फिर टूटी पाइप लाइन

भास्कर संवाददाता | भिंड

सीवर लाइन बिछाने के लिए खुदाई कर रही जेसीबी ने सिटी कोतवाली बाइपास के पास छह दिन पहले पानी की मुख्य पाइप लाइन को तोड़ दिया था। वहीं खुदाई के दौरान निकली मिट्टी घरों के लिए गई नल लाइन के ऊपर डालने से वह लाइन कई स्थानों पर टूट गई थी। इस कारण से बायपास के किनारे रहने वाले 1500 लोग पिछले पांच दिन से पानी के लिए परेशान हो रहे। लोगों की शिकायत पर नगर पालिका द्वारा पाइप लाइन को मंगलवार की दोपहर को जुड़वा दिया गया था। लेकिन शाम के समय खुदाई के दौरान फिर से जेसीबी मशीन ने मेन पाइप लाइन को तोड़ दिया। जिससे कई गैलन पानी नाले में बहकर बर्बाद हो गया। वहीं बुधवार को बायपास किनारे बने मकानों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप रही। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने कलेक्टर इलैया राजा टी को लिखित में आवेदन देकर शिकायत की। लेकिन उसके बाद भी लाइन को जोड़ा नहीं गया।

गौरतलब है कि आरबीआईपीपीएलएसआर सीसीजेबी कंपनी द्वारा शहर में सीवर लाइन बिछाने के लिए खुदाई कराई जा रही है। मंगलवार की शाम को बाइपास(हरिजन थाने के सामने) के किनारे खुदाई के दौरान जेसीबी की ठोकर लगने से वहां से गुजरी पानी सप्लाई की मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पानी सड़क पर पानी फैलने से कई गैलन पानी बर्बाद हुआ। वहीं शहर के बायपास किनारे रहने वाले 1500 लोगों के घरों में पानी की सप्लाई ठप हो गई। जिससे क्षेत्रवासियों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है। घरों में लगे नलों में पानी न आने से लोगों को आसपास लगे हैंडपंपों पर पानी के लिए भीड़ लगानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि सीवर की खुदाई कर रहे कर्मचारी और जेसीबी चालक कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं। जिसके चलते पूर्व में भी खुदाई के दौरान कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति की लाइनें टूट चुकी हैं। जिसकी शिकायत संबंधित विभाग से करने के बावजूद भी लापरवाही बरती जा रही है। जिसका खामियाजा नगरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।

काट दिए हरे-भरे पेड़

सीवर लाइन डालने के लिए खुदाई के दौरान हरे भरे पेड़ कटे जा रहे हैं। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की है। जानकारी के अनुसार गत दिवस हरिजन थाने के सामने सीवर की खुदाई के दौरान कर्मचारियों ने रोड पर लगे दो हरे पेड़ जेसीबी मशीन से उखड़कर एक तरफ फेंक दिए। जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया जो सीवी कर्मचारियों ने उनको धमकी देकर भगा दिया था।

काॅलोनियों में टूटी छोटी लाइन

शहर की अधिकांश काॅलोनी में छोटी लाइन भी कई स्थानों पर पुरानी होने के कारण टूट चुकी हैं। ऐसी स्थिति में लोगों के घरों में नाले और नालियों का गंदा पानी भी सप्लाई हो रहा है। पानी की कमी के चलते लोगों का ऐसे बदबूदार पानी का उपयोग करना पड़ रहा है। साथ ही कई मोहल्लों में तो सप्लाई लाइन नाले के अंदर से गुजरी हुई हैं।

पानी का संकट पैदा हो गया

सीवर खुदाई के दौरान बड़ी पाइन लाइन और छोटी पाइप लाइन टूट जाने से घरों में पांच दिन से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण से हमारे सामने इस भीषण गर्मी में पानी का संकट खड़ा हो गया है। अधिकारी हमारी बात को सुन नहीं रहे हैं। -बृजलाल शिवहरे, निवासी बायपास

मुझे जानकारी नहीं है

बायपास हरिजन थाने के सामने सीवर खुदाई के दौरान बड़ी पाइप लाइन टूट गई है। इस बारे में मुझे जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो लाइन को जोड़ने के लिए मैं नपा अधिकारियों को निर्देश देती हूं। लोगों को सीवर की खुदाई के दौरान कोई भी परेशानी हो तो वे मुझे बता सकते हैं। -कलावती मिहोलिया, अध्यक्ष, नपा भिंड

खबरें और भी हैं...