उदोतपुरा केंद्र पर चार कांटे सिर्फ दो पर हो रही है तौल
रबी सीजन में सरसों, गेहूं की फसल को बेचने के लिए किसान मंडी के अंदर उदोतपुरा केंद्र पर पहुंच रहे हैं। केंद्र पर तौल के लिए चार कांटे होने के बाद भी सेक्रटरी द्वारा सिर्फ दो कांटों पर फसल की तौल की जा रही है। ऐसी स्थिति में किसानों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा उदोतपुरा केंद्र पर मौजूद सेक्रटरी के द्वारा किसानों की फसल को नंबर से नहीं तौला जा रहा है।
गौरतलब है कि मैसेज मिलने के बाद बुधवार को उदोतपुरा केंद्र पर 25 से अधिक किसान अपनी सरसों की फसल समर्थन मूल पर बेचने के लिए पहुंचे। लेकिन यहां पर शुरूआत में केंद्र के कर्मचारियों के द्वारा चार कांटों पर तौल की गई। लेकिन दोपहर 1 बजे के आसपास सेक्रटरी सहित अन्य कर्मचारियों ने दो कांटे बंद कर दिए। उसके बाद उनके द्वारा शेष दो कांटों पर तौल की जाने लगी। ऐसी स्थिति में तौल कार्य धीमी गति से होने लगा। जिसका किसानों के द्वारा विरोध किया गया। लेकिन केंद्र कर्मचारियों पर किसानों के विरोध का कोई असर होता दिखाई नहीं दिया। किसानों का कहना है कि हम लोग यहां पर समर्थन मूल्य पर सरसों बेचने के लिए आए थे। लेकिन यहां पर प्रशासन की ओर से तौल के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है।