घर के बाहर खेल रहे बालक को ट्रैक्टर ने टक्कर मारी, मौत
लहार के जमुंहा गांव की घटना ट्रैक्टर चालक पर मामला दर्ज
भास्कर संवाददाता | भिंड
लहार के जमुंहा गांव में घर के बाहर रोड किनारे खेल रहे बालक को ट्रैक्टर के चालक ने तेजी और लापरवाही से चलाते हुए उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार सुबह 11.35 बजे का है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर बालक के शव को पीएम के बाद परिजन के सुपुर्द किया है। पुलिस के मुताबिक प्रशांत (05) पुत्र राघवराम दोहरे निवासी जमुंहा बच्चों के साथ अपने घर के बाहर रोड किनारे खेल रहा था। गांव के पुत्तू उर्फ कृष्णपाल सिंह हार में ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर प्रशांत ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। परिजन प्रशांत को लहार अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर गांव के सरपंच सुरेश सिंह का बताया जा रहा है।