6 ग्रापं के 9 गांवों को मिलाकर रौन में बनेगी नगर परिषद
27 अप्रैल तक आपत्ति दर्ज कराने व सुझाव प्रेषित करने का समय निर्धारित
भास्कर संवाददाता | रौन (भिंड)
रौन तहसील मुख्यालय जल्द ही नगर परिषद के रूप में अस्तित्व में आ जाएगा। राज्य सरकार ने नगर पालिका अधिनियम के तहत छह ग्राम पंचायतों के नौ गांव को मिलाकर नगर परिषद का गठन का नोटिफिकेशन किया है। इस संदर्भ में 28 मार्च को राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित की गई है। प्रकाशन से 30 दिवस की अवधि में आपत्ति एवं सुझाव कलेक्टर को दिए जा सकेंगे।
रौन नगर परिषद गठन के लिए ग्राम पंचायत रौन के अलावा ग्राम पंचायत गौरई के गौरई व जसवंतपुरा, ग्राम पंचायत मेहदवा के मेहदवा, ग्राम पंचायत बिरखड़ी के बिरखड़ी, ग्राम चंदावली नंबर एक के चंदावली नंबर एक, ग्राम पंचायत ररुआ नंबर एक के ररुआ नंबर एक व रघु का पुरा को शामिल किया गया है। मध्यप्रदेश राजपत्र में प्रकाशित होने के दिनांक से 30 दिवस तक उक्त संदर्भ में सुझाव एवं आपत्ति मांगी गई है। जिन पर शासन द्वारा विचार किया जाएगा। इस प्रकार से 27 अप्रैल तक स्थानीय प्राधिकारी एवं उक्त क्षेत्र में निवास करने वाला कोई व्यक्ति आपत्ति एवं सुझाव कलेक्टर को दे सकता है।