पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • भट्‌टा मालिक उपजाऊ मिट्‌टी से बना रहे ईंटें, 3 फीट की परमिशन, खोद रहे 5 फीट

भट्‌टा मालिक उपजाऊ मिट्‌टी से बना रहे ईंटें, 3 फीट की परमिशन, खोद रहे 5 फीट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ऊमरी में ईंट भट्टा पर पांच फीट से अधिक खोदी गई मिट्टी।

बंजर हो रही कृषि भूमि

सरकार द्वारा कृषि योग्य भूमि को उपजाऊ बनाने के लिए तरह तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। मनरेगा के तहत बंजर व अनुपयोगी भूमि का समतलीकरण कर उसे कृषि योग्य भूमि बनाने के लिए सरकार किसानों को राशि मुहैया कराती है। ताकि सभी भूमि को उपजाऊ बनाया जा सके। देश में कम हो रही अन्न उत्पादन क्षमता पर सरकार चिंता भी जताती है। इसी को ध्यान में रख कर कृषि यंत्रों पर सब्सिडी दी जाती है। कम भूमि में अच्छी उपज हो, लेकिन जब खेती करने योग्य भूमि ही नहीं बचेगी तो लोगों को एक-एक दाने के लिए मोहताज होना पड़ेगा। मगर चिमनियों में खपाई जाने वाली मिट्‌टी खोदकर कृषि भूमि को लगातार बंजर किया जा रहा है।

खनन विभाग से लेनी होती है परमिशन

ईंट भट्‌टा मालिकों को कृषि योग्य भूमि से मिट्‌टी निकालने के लिए खनन विभाग से परमिशन दिया जाता है। लेकिन परमिशन देने से पहले अंचलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी जाती है। अनुशंसित भूमि की मिट्‌टी निकाली जाती है या नहीं, अगर मिट्टी निकालने वाली भूमि के बगल का किसान आपत्ति कर देगा तो उस भूमि से मिट्‌टी निकालने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। क्योंकि बगल वाले खेत से मिट्‌टी निकलने के बाद उसके खेत की उपजाऊ मिट्टी का क्षरण भी होने लगता है। ऐसी स्थिति में भट्‌टा संचालक उस व्यक्ति को भी रुपए का लालच दिखाकर अनुमति दिलाने के लिए बाध्य कर देते हैं।

खनन नियमों का खुलेआम कर रहे हैं उल्लंघन

भिंड से अटेर, गोरमी और ऊमरी, लहार मार्ग पर दर्जनों ईंट भट्‌टा व चिमनियां संचालित की जा रही हैं। जिनमें नियमों को ताक पर रखकर कृषि भूमि की मिट्‌टी का दुरुपयोग किया जा रहा है। इस संबंध में खनिज विभाग के अधिकारियों से चर्चा करने पर वह स्पष्ट मत नहीं बताते हैं। विभाग द्वारा भट्टा संचालकों को दी जाने वाली परमिशन पर अमल नहीं किया जाता है। इसका ही परिणय है कि कई स्थानों पर जहां पूर्व में हरी-भरी फसल लहलहाती थी, वहां आज बंजर भूमि गड्ढों में तब्दील हो गई है। उस भूमि में न तो फसल उगाई जा रही है और न हीं वह भूमि भवन निर्माण के लिए ही उपयोगी बची है।

जांच के बाद कार्रवाई करेंगे

भट्‌टा संचालकों को खनिज विभाग द्वारा परमिशन दी जाती है। हम इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर जांच कराएंगे। अगर कृषि योग्य मिट्‌टी का दोहन किया जा रहा है तो भट्‌टा मालिकों पर कार्रवाई की जाएगी। -संतोष तिवारी, एसडीएम, भिंड

जांच कर कार्रवाई करेंगे

जिले में संचालित भट्टा मालिक नियम के विरुद्ध खेतों से मिट्टी खोद रहे हैं तो हम जांच कराएंगे। जांच उपरांत संबंधित चिमनी व भट्टा मालिकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। -संदेश पिपरौलिया, माइनिंग अधिकारी, भिंड

खबरें और भी हैं...