भाजपा नेता बोले-इंजीनियर ने हमें पीटा है, केस दर्ज करवाओ
आईजी से की इंजीनियर की शिकायत
भास्कर संवाददाता | भिंड
सिंचाई विभाग के सब इंजीनियर एलपी शर्मा के साथ मारपीट के मामले में बुधवार को भाजपा नेता सूर्यकांत त्रिपाठी और उनके भाई चंद्रकांत त्रिपाठी ने चंबल आईजी संतोष कुमार सिंह से शिकायत की है, जिसमें उन्होंने बताया कि आरटीआई के तहत जानकारी मांगने पर सब इंजीनियर शर्मा भड़क गए और घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। बाद में अपनी राजनैतिक पहुंच का फायदा उठाकर उनके विरुद्ध केस दर्ज करा दिया।
सिंचाई विभाग कॉलोनी निवासी सूर्यकांत त्रिपाठी ने आईजी को बताया कि उनके भाई चंद्रकांत ने सोमवार को सब इंजीनियर एलपी शर्मा पर नवीन कंक्रीट रोड एवं दो तालाबों गबन एवं भ्रष्टाचार संबंधी मामलों में की कार्रवाई की जानकारी सूचना के अधिकार के तहत मांगी थी। तभी सब इंजीनियर शर्मा ने तीन चार लोगों के साथ घर आकर उनके साथ मारपीट कर दी।