पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बारदाना खत्म होने से रुकी रही सरसों की खरीद, हंगामे के बाद बढ़ाया एक तौल कांटा

बारदाना खत्म होने से रुकी रही सरसों की खरीद, हंगामे के बाद बढ़ाया एक तौल कांटा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बारिश होने से करोड़ों रुपए कीमत की सरसों हो सकती है खराब

भास्कर संवाददाता | भिंड

सोमवार को समर्थन मूल्य पर खरीद केंद्रों पर बारदाना खत्म होने से सरसों की तौल नहीं हो सकी। गुस्साए किसानों ने कृषि उपज मंडी के केंद्रों पर जमकर हंगामा किया। दोपहर बाद वारदाना आने के बाद भी इसकी उतराई में घंटे भर का समय लगा। इसके बाद भिंड एवं उदोतपुरा सहकारी समिति के खरीद केंद्रों पर जैसे तैसे तौल शुरु हुई पर लावन सहकारी समित के खरीद केंद्र पर सेक्रेटरी एवं कंप्यूटर आपरेटर सहित अन्य कर्मचारियों के नदारद रहने से तौल शुरू नहीं हो सकी। तब एक बार फिर तपती दोपहरी में किसानों ने न केवल हंगामा किया बल्कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कलेक्टर का घेराव किया। कलेक्टर आशीष कुमार गुप्ता के निर्देश पर खरीद केंद्र पर अधिकारियों की टीम पहुंची तब तौल शुरू हो सकी। लेकिन एक ही कांटे पर तौल कराए जाने से धीमी गति से तौल की शिकायत पर विधायक नरेंद्रसिंह कुशवाह भी खरीद केंद्र पर पहुंचे और एक और तौल कांटा बढ़वाया।

बारदाना खत्म, नहीं हुई तौल

समर्थन मूल्य पर सरसों की खरीद में शुरूआती दौर से ही व्यवधान आते रहे हैं। कभी कर्मचारी न होने और कभी वारदाना खत्म होने से तौल नहीं हो पा रही है। दो-तीन दिन हालात ठीक रहने के बाद पुन: कोई न कोई व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। स्थानीय मंडी प्रांगण में चल रहे तीन खरीद केंद्रों पर शनिवार को वारदाना खत्म हो गया था। रविवार को छुट्टी रहने के बाद भी वारदाना उपलब्ध नहीं हुआ तब सोमवार को तौल शुरू नहीं हो सकी। ऐसे हालात में 42 डिग्री तापमान में किसानों को हंगामा करने को मजबूर होना पड़ा। मंडी परिसर में आसमान के नीचे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों नीचे किसानों को शरण लेने को भी मजबूर होना पड़ा। किसानों का कहना है कि शासन की योजनाओं को अधिकारी- कर्मचारी पलीता लगाने पर आमादा हैं। वारदाना खत्म होने के पहले ही मंगा लिया गया होता तो हंगामे के हालात न बनते और परेशानी न होती। तौल न होने की स्थिति में लावन खरीद केंद्र पर 78, भिंड खरीद केंद्र पर 65 एवं उदोतपुरा खरीद केंद्र पर 57 ट्रैक्‍टर- ट्रालियों में सैकड़ों क्विंटल सरसों भरी हुई थी।

खुले में 20 हजार बोरियां, ट्राॅलियों में भरी सरसों के भी भीगने की आशंका

समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही सरसों का उठाव न होने से मंडी प्रांगण की चाैड़ी-चौड़ी सड़कों पर करीब 20 हजार बोरियां रखी हुई है। इन दिनों तप रही दोपहरी के बीच कभी भी बादल गहराने और बरसने के हालात बन रहे हैं। अगर कहीं बारिश होती है तो खरीदी गई तथा खरीदने के लिए रखी हजारों क्विंटल सरसों भीगने के हालात बन सकते हैं। पूर्व में एक बार बारिश के दौरान सरसों भीगने के हालात बन चुके हैं।

एसडीएम ने दिए सेक्रेटरी के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश

कलेक्टर के निर्देश पर पहुंचे सहायक संचालक कृषि आरएस शर्मा, सहकारिता उपायुक्त बबलू सातनकर, को- ऑपरेटिव बैंक प्रभारी जनरल मैनेजर प्रमोद राठौर पहुंचे तब सेक्रेटरी के उपस्थित न होने पर सहायक सेक्रेटरी के माध्यम से खरीद शुरू कराई गई। एसडीएम संतोष तिवारी ने भी सेक्रेटरी कमल किशोर शर्मा को बुलवाया लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। तब उन्होंने निर्देश दिए अगर सेक्रेटरी उपस्थित न हो तो उसके विरुद्ध एफआईआर कराओ।

केंद्र पर कोई नहीं मिला

मैंने पंजीयन कराया था लेकिन मैसेज नहीं आया है। पता करने आया तो लावन सहकारी समिति केंद्र पर मुझे कोई नहीं मिला है। -वीरेंद्रसिंह, किसान, नुन्हाटा

कार्रवाई के निर्देश दिए हैं

सरसों की खरीद वारदाना खत्म होने से प्रभावित हुई है। अब वारदाना मंगा लिया गया है। एक सेक्रेटरी की लापरवाही के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। -संतोष तिवारी, एसडीएम, भिंड

खबरें और भी हैं...