जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर नियमितीकरण की मांग को लेकर दिया धरना
भास्कर संवाददाता | भिंड
संविलियन एवं नियमितीकरण की मांग को लेकर कलम बंद हड़ताल पर बैठे ग्राम रोजगार सहायक सचिव संघ के कर्मचारियों ने सोमवार को जनपद पंचायत परिसर में अर्धनग्न होकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने हड़ताल के दौरान सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की विभिन्न योजनाओं को क्रियान्वित कर पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं, लेकिन कार्यानुसार वेतनमान नहीं दिया जा रहा है। जबकि कर्मचारियों को पूर्व में सरकार द्वारा आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही उनका संविलयन सरकारी कर्मचारी के रूप में किया जाएगा। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी, अनिश्चतकालीन हड़ताल बंद नहीं की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में कामकाज प्रभावित: शहर में जनपद पंचायत के अलावा अंचल के ग्रामीण इलाकों में भी कर्मचारियों ने पंचायत में काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है।
उधर लहार में जपं परिसर में बैठे कर्मचारियों ने सातवां वेतनमान नहीं मिलने का आरोप लगाया है। ब्लाॅक अध्यक्ष राजेश सिंह राजपूत ने बताया सरकार अगर मांगों को गंभीरता से नहीं लेगी तो आंदोलन स्थगित नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि ग्राम राेजगार सहायक सचिवों की हड़ताल से ग्रामीण इलाकों में मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, आवास योजना, एसपीआर पोर्टल, पेंशन पोर्टल, जन्म-मृत्यु पोर्टल, श्रमिक पंजीयन सहित आदि कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। धरने पर बैठे ब्लॉक अध्यक्ष सुमित शर्मा, नागेन्द्र सिंह, अभिलाख सिंह, जयदीप शर्मा, महावीर दोहरे, पंकज शर्मा, आशीष पाठक, देवेन्द्र कौरव, प्रदीप तिवारी, प्रवेश सिंह परिहार, रणवीर सिंह परिहार, गौरव चौधरी, रामकुमार कुशवाह, सतीष कुशवाह, अंकित सहित अन्य कर्मचारियों ने नारेबाजी की।