सामाजिक कुंभ: 90 लाख रु. सालाना कमाने वाला भैंसा युवराज बना आकर्षण
सामाजिक कुंभ की कलश यात्रा निकालने के लिए सजाए गए कलश।
कलश पूजन के साथ शुरू हुआ सामाजिक कुंभ
भास्कर संवाददाता | लहार (भिंड)
रावतपुरा धाम में बुधवार से कलश पूजन के साथ सामाजिक कुंभ प्रारंभ हो गया। संत रविशंकर महाराज ने श्रद्धालुओं से कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें सामाजिक कुंभ में भक्तांे और जनता की सेवा करने का सौभाग्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जब धर्म की बात आती है तो कुछ कठिनाइयां भी आती हैं। हनुमान जी की कृपा से 20 दिन में पूरी तैयारियां की गयी हैं। यह 10वां यज्ञ है, हमें पूरे 12 यज्ञ करने हैं, इसमें एक महाराष्ट्र और दूसरा नर्मदा के किनारे होगा। कार्यक्रम में पहले दिन भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रभात झा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सत्यव्रत चतुर्वेदी, मुकेश नायक एवं उत्तरप्रदेश के एमएलसी प्रत्याशी विद्यासागर सोनकर, पूर्व मंत्री राकेश चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ सतीश सिंह सिकरवार सहित कई नेताओं ने इसमें शिरकत की। इस कुंभ में 90 लाख रु सालाना कमाने वाला भैंसा युवराज आर्कषण का केंद्र बना हुआ है।
बुधवार की सुबह नौ बजे संत रविशंकर महाराज ने गोविंद कल्याण मण्डपम में कलश पूजन, गणेश पूजन, वरुण पूजन कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। पंडित सुनील त्रिवेदी के साथ 501 पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश पूजन और शालिगरामजी का महाभिषेक कराया। 1008 कलश लेकर श्रद्धालु यज्ञशाला पहुंचे। इसमें संत रविशंकर महाराज स्वयं सिर पर कलश लेकर चले। वहीं कुंभ में 22 अप्रैल को महाराष्ट्र के सीएम देवेद्रं फणनवीस आएंगे। 24 अप्रैल को कमल नाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी आएंगे।
रोज 20 लीटर दूध, 10 किलो फल खाता है भैंसा
सामाजिक कुंभ के पहले दिन 90 लाख रुपए सालाना कमाने वाला युवराज (भैंसा) आकर्षण का केंद्र रहा। यह अपने सीमन से अपने मालिक को सालाना 90 लाख रुपए कमा कर देता है। मुर्रा नस्ल का यह नौ वर्षीय भैंसा प्रतिदिन 20 लीटर दूध, 10 किलो फल, छह किलो दाना व सर्दी में 500 ग्राम काजू और बादाम खाता है। दिन में दो बार स्नान करता है। इसकी तेल से मालिश होती है। पांच किलोमीटर प्रतिदिन पैदल चलता है। इसके द्वारा पैदा किए बच्चे 13 से 19 लीटर दूध देती हैं, जिसकी कीमत तीन से नौ लाख रुपए होती है। युवराज के मालिक कर्मवीर ने बताया उसे सात साल पहले 54 हजार रुपये में खरीदा था। बीते वर्ष हरियाणा में करनाल में आयोजित मवेशी मेला में एक किसान ने युवराज को खरीदने के लिए नौ करोड़ रुपये की पेशकश की। लेकिन मैंने देने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि अब मेरा उससे भावनात्मक संबंध भी है। मैं उसे किसी भी कीमत के लिए नहीं बेच सकता हूं। यहां बता दें कि युवराज का वजन 1500 किलोग्राम है और यह 5 फीट ऊंचा और 7 इंच लंबा है। वह अपने महत्वपूर्ण आंकड़ों के लिए 24 बार राष्ट्रीय पशुधन चैंपियन रहा हैं।
108 कुंडीय यज्ञ का शुभारंभ 1008 कलशों से किया
108 कुंडीय यज्ञ शाला में पंडित ललित शास्त्र आर्चन एवं गणेश शास्त्र आर्चन द्वारा वैदिक पद्धति से पूजन अर्चन कर यज्ञ का शुभारंभ किया। आचार्य पंडित नारायण उपाध्याय ने बताया कि सुबह 11 बजे वैद उच्चारण के साथ यज्ञ प्रारंभ हुआ, जिसमें लक्ष्मीनारायण यज्ञ में 121 यजमान शामिल रहे। मुख्य यजमान यूजीसी के चेयरमेन डाॅ डीपी सिंह सपरिवार यज्ञ में शामिल हुए। दोपहर 2 बजे के बाद भागवत यज्ञ प्रारंभ हुई, जिसमें 108 यजमान शामिल रहे।