पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सीवर लाइन खुदाई में टूट रहीं पानी की लाइनें, घरों में सप्लाई हो रहा गंदा पानी

सीवर लाइन खुदाई में टूट रहीं पानी की लाइनें, घरों में सप्लाई हो रहा गंदा पानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सीवर लाइन नेटवर्क के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में की जा रही खुदाई में पेयजल पाइप लाइनें धड़ाधड़ टूट रही हैं। क्षतिग्रस्त लाइनों के जरिए कई घरों में दूषित पानी की आपूिर्त हो रही है। दूषित पानी पीने से बड़ी संख्या में लोग बीमार होकर इलाज कराने को मजबूर हो रहे हैं। सीवर लाइन के साथ- साथ नगर परिषद द्वारा नए सिरे से शहर में पेयजल पाइप लाइन डलवाए जाने की प्रक्रिया शुरू नहीं कराई तो शहरवासियों के बीमार होने की आशंका बढ़ गई है।

शहर में सालों की प्रतीक्षा के बाद 92 करोड़ के सीवर प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। इस कार्य को आरबीआई पीपीएल- एसआरसीसी- जेवी कंपनी कर रही है। इन दिनों सीवर लाइन नेटवर्क का कार्य बीटीआई रोड, महावीर नगर, भीमनगर, हाउसिंग कालोनी, एमजेएस कालेज, कीर्ति स्तंभ के पीछे सुंदरपुरा आदि इलाकों में चल रहा है। खुदाई के दौरान पेयजल आपूर्ति की लाइनें टूट रही हैं। इनके दुरुस्त कराने की प्रक्रिया में देरी के कारण कई- कई दिन दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। इस कारण लोग पेट दर्द, उल्टी, दस्त जैसी बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। सीवर लाइन के काम में इससे बड़ी लापरवाही और क्या हो सकती है कि हाउसिंग काॅलोनी में नलजल लाइन टूट गई तो इसे दुरस्त तो करा दिया गया और सीवर चैंबर बनवा दिया गया। लेकिन सीवर लाइन शुरू होने पर यह पाइप कितने दिन चलेगा इसका ख्याल नहीं रखा गया।

महावीर, भीम व स्वतंत्र नगर और हाउसिंग काॅलोनी क्षेत्र में सिर दर्द बनी खुदाई

नलों में आ रहा बदबू और झागदार पानी।

पहले से ही क्षतिग्रस्त लाइनों की और खराब हो रही हालत

शहर में पेयजल आपूर्ति की लाइनें पहले से ही कई जगह क्षतिग्रस्त हैं। इनसे दूषित पेयजल की अापूर्ति पहले से ही होती रही है। सीवर लाइन खुदाई के दौरान इन लाइनों की पूरी तरह से दुर्गति हो रही है। लाइनों के टूटने के बाद कई इलाकों में पूरी तरह से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है।

सीवर लाइन का काम शुरू, तब से बीमार हैं

हमारे इलाके में जब से सीवर लाइन की खुदाई का काम शुरू हुआ है तभी से हमारे व अास पड़ौस के परिवारों में लोग बीमार हो गए हैं। किसी को पेटदर्द हो रहा है तो किसी को पेट में मरोड़ उठ रही है। -जयदेव कुशवाह, भीमनगर

अाठ दिन में तीन बार टूट चुकी है लाइन

हाउसिंग कालोनी में सीवर लाइन खुदाई के काम में आठ दिन में तीन बार नलजल की पाइप लाइन टूट चुकी है। नल से मटमैला पानी आ रहा है। इसे पीना ताे दूर कपड़े धाेने की तक की स्थिति नहीं बन रही। -कपिल भदौरिया, हाउसिंग कालोनी

कंपनी की है क्षतिग्रस्त नल-जल लाइनें दुरस्त कराने की जिम्मेदारी

सीवर लाइन खुदाई के दौरान टूट रही नलजल पाइप लाइनों काे दुरस्त कराने की जिम्मेदारी कार्य करा रही कंपनी की है। सीवर लाइन के बीच से नलजल पाइप लाइन को ऊपर कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्य में जहां भी कंपनी के अमले द्वारा लापरवाही की जा रही है वहां सुधार के लिए कड़े निर्देश दिए जा रहे हैं। कलेक्टर ने सीवर लाइन कार्य पर निगरानी के लिए समिति भी गठित कर दी है। -कलावती मिहोलिया, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद

उल्टी-दस्त से बीमार बुजुर्ग।

अस्पताल में पेटदर्द उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी

जिला अस्पताल में पेटदर्द, उल्टी, दस्त पीड़तों की संख्या बढ़ गई है। हालंकि इसको गर्मी से जोड़कर भी देखा जा रहा है लेकिन पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त होने से दूषित पेयजल की आपूर्ति होना भी बीमारियां फैलने का एक बड़ा कारण है। कई परिवारों में तो अधिकांश लोग बीमार हो गए हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से सीवर लाइन की खुदाई में पानी की लाइन टूटीं हैं तभी से नलों में आ रहे गंदा पानी पीने से बीमार हो रहे हैं।

खबरें और भी हैं...