अधूरे मन से खेलों में नहीं मिलती सफलता: नरवरिया
अम्हलैड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट समापन पर जनपद सदस्य पूजा हिरेंद्र प्रताप ने कहा
भास्कर संवाददाता | भिंड
यदि आप किसी भी खेल में देश का नाम रोशन करना चाहते हैं तो आपको मन लगाकर मेहनत करनी होगी। कोई खेल खेलना शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य और यहां तक कि आध्यात्मिक प्रक्रियाओं के लिए भी बहुत जरूरी है। किसी खेल का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि आप इसे आधे-अधूरे मन से नहीं खेल सकते। जब तक आप खेल में पूरे मन से शामिल नहीं होंगे, तब तक कोई खेल नहीं होगा। यह बात अम्हलैड़ा गांव में क्रिकेट टूर्नामेंट समापन के अवसर पर जनपद सदस्य पूजा हिरेंद्र प्रताप सिंह नरवरिया ने कही।
उन्होंने कहा कि खेल का सबसे जरूरी हिस्सा है, उसमें पूरी तरह से लीन होना। यही वजह है कि कहीं कोई क्रिकेट मैच होता है और उसकी वजह से दुनिया के दूसरे हिस्सों में बैठे करोड़ों लोग अपने घरों में खड़े होकर चीखते-चिल्लाते हैं। मैच खेल रहे खिलाडिय़ों का खेल के साथ जबर्दस्त जुड़ाव होने की वजह से ऐसा होता है। यह भागीदारी या जुड़ाव हर किसी में जीवन के लिए जरूरी एक मूल भावना भी लाता है।
विजेता टीम को किया सम्मानित: जनपद सदस्य पूजा हिरेंद्र प्रताप सिंह नरवरिया ने क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में एहतार टीम को 3100 रुपए नगद इनाम देकर सम्मानित किया। वहीं उप विजेता टीम अम्हलैड़ा को 2100 रुपए का पुरस्कार दिया। साथ ही दोनों टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए गए। इस मौके पर सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।