टॉप टेन सूची में शामिल होने पर रितिका के स्कूल में मनाया जश्न
दबोह | माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में दबोह के स्वयंप्रभा माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रितिका यादव पुत्री कमल सिंह यादव ने हाईस्कूल परीक्षा में 486 अंक प्राप्त कर 97.2 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश की टॉप टेन सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। इसके लिए रितिका यादव को भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मैडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया है। दूसरी ओर रितिका के स्कूल संचालक राकेश कोठारी तथा प्राचार्य शैलेश कुरचनियां के नेतृत्व में विद्यालय में जश्न मनाकर बच्चों को मिठाई वितरित की गई। अच्छे अंकों से पास होने के बाद रितिका ने कहा भिंड कलेक्टर इलैया राजा टी मेरे आदर्श हैं और सफलता का श्रेय शिक्षकों व अपने माता पिता को देना चाहूंगी। जिनके कुशल मार्गदर्शन में मैने अपने लक्ष्य को हासिल किया। इस अवसर पर दबोह नगर में 12 वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अंजली सोनी को भी शुभकामनाएं दी गईं।