श्रमिक सम्मेलन के लिए अफसरों को दिए निर्देश
श्रमिक सम्मेलन के लिए अफसरों को दिए निर्देश
भास्कर संवाददाता | भिंड
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जिले में प्रस्तावित यात्रा 20 मई को है। यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्टर इलैया राजा टी ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की यात्रा के दौरान श्रमिक सम्मेलन एवं अंत्योदय मेला का आयोजन होगा। इस मेला में बड़े पैमाने पर पात्र व्यक्तियों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की जाएगी। इसलिए समय सीमा के भीतर विभागीय अधिकारी कार्य पूरा करें। वहीं प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर आयोजित होने वाले श्रमिक सम्मेलन एवं अंत्योदय मेला में राजस्व विभाग के माध्यम से पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को भू-खंड प्रमाण पत्र बड़े पैमाने पर वितरित कराने के लिए राजस्व अधिकारी सभी प्रकार की तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान करें। उन्होंने कहा कि करीबन 1 लाख पात्र श्रमिकों को भू- अधिकार पत्र देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जावेगी। जिससे पंजीकृत श्रमिक पात्रता अनुसार भू अधिकार पत्र प्राप्त कर अपने आवास बनाने में अग्रसर होंगे।
उन्होंने कहा कि जिले में यह भू अधिकार पत्र 50 हजार बनाए जा चुके है। शेष करीबन 50 हजार का लक्ष्य जिन जिन राजस्व अधिकारियों को आवंटित किया है। उसकी पूर्ति समय सीमा में की जाए।