अनिश्चितकालीन हड़ताल के पहले दिन ठप रहा कामकाज
मप्र पंचायत रोजगार सहायक संघ ने अपनी सात सूत्रीय मांगाें को लेकर अनिश्चितकालीन कलमबंद आंदोलन शुरू किया। यह प्रदेश सहित जिलेभर की सभी पंचायतों में मंगलवार से शुरू हुआ। जिले के सभी पंचायतों में कार्यरत रोजगार सहायक के हड़ताल पर जाने के कारण दफ्तर सूने रहे और कई काम प्रभावित हुए। गौरतलब है कि आंदोलन के पहले दिन जिले की पंचायतों में कार्यरत रोजगार सहायक हड़ताल पर चले गए। इसके कारण पंचायतों के सभी निर्माण, मनरेगा, श्रमिक पंजीयन, आवास योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य कार्य ठप हो गए। वहीं जिले की सभी जनपदों पर रोजगार सहायकों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन भी दिया। इस दौरान रोजगार सहायकों ने बताया कि हमारी मांग है कि पेंशन की सर्वे एवं फार्म ऑनलाइन किया जाए। शौचालय निर्माण के लिए सर्वे एवं डिमांड डालकर सत्यापन करना। इसी प्रकार हमारी पांच अन्य मांगे हैं। जिनको शासन जल्द पूरा करने, जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होती हैं, तब-तक हमारा अनिश्चितकालीन कलमबंद आंदोलन जारी रहेगा।