कल्याणपुरा रोड पर डंपर की टक्कर से टूटा बिजली का खंभा।
गोरमी के कल्याणपुरा रोड की घटना
भास्कर संवाददाता | गोरमी (भिंड)
गोरमी कस्बे में कल्याणपुरा रोड पर बेकाबू हुए रेत के खाली डंपर ने एलटी लाइन और हाई टेंशन लाइन के खंभे उखाड़ दिए। गुरुवार की रात 11 बजे डंपर ड्राइवर रोड किनारे रेत खाली कर लिफ्ट उठाकर गोरमी की ओर तेज रफ्तार में निकला तभी डंपर की लिफ्ट से एलटी लाइन की केबल उलझ गई, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी स्पीड कम नहीं की। लिफ्ट में उलझी केबल के सहारे एक-एक करके रोड किनारे खड़े 15 पोल टूट गए, जिन पर बंधी लाइन लोगों के घरों पर गिरी। लाइन गिरते ही आसपास के क्षेत्र में अंधेरा पसर गया। लोगों ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को फोन किए, मगर न तो लाइनों का मेंटेनेंस कार्य किया गया और न हीं डंपर ड्राइवर को पकड़ा गया।
ग्रामीण क्षेत्रों के फीडर भी बंद: डंपर ने लिफ्ट से केबल उलझाकर एलटी के 10 और 11केवी के करीब 5 खंभे तोड़ दिए हैं। हाई टेंशन लाइन टूटने से जहां कल्याणपुरा रोड पर 24 घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रही, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में सुकांड, सिलौली और परौसा गांव के फीडर भी बंद हो गए हैं। घटना के वक्त कुछ मकानों पर बिजली की लाइनें टूटकर गिरी। हालांकि गनीमत यह रही कि लाइन टूटते ही बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी।
स्थानीय रहवासी महेश सोनी ने बताया बड़ी लाइन का खंभा टूटकर उनके मकान पर गिरा, जिससे घर के लोग बाल-बाल बच गए। हालांकि लोगों द्वारा बिजली कंपनी के जेई गोपालधर दुबे को फोन लगाकर सूचना देने का प्रयास किया गया, लेकिन श्री दुबे ने लोगों को फोन रिसीव नहीं किया। घटना के बाद नगर व ग्रामीण इलाकों में करीब 10 हजार से ज्यादा लोग बिजली की सप्लाई बंद होने से परेशान होते रहे, जबकि कंपनी का भी खासा नुकसान हुआ है।