ब्लाक स्तर पर आयोजित शिविरों में आई 242 शिकायतें
भास्कर संवाददाता | भिंड
शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए शुक्रवार को ब्लाक स्तर पर परिवेदना शिविर आयोजित किए गए। भोपाल से आए ओआईसी सुमन कांत जैन द्वारा गोहद एवं मेहगांव में शिविरों का अवलोकन किया गया। एक्सीलेंस हासे स्कूल में आयोजित परिवेदना शिविर में डीईओ वीएस सिकरवार और प्राचार्य पीएस चौहान ने समस्याएं सुनीं। गोहद में तीन एवं मेहगांव में एक संकुल प्राचार्य अनुपस्थित पाए गए। इनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजा रहा है। शिविरों में कुल 242 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। एम- शिक्षा मित्र एप के खौफ शिक्षकों में अब तक बना हुआ है इस कारण एप के जरिए शिकायत दर्ज कराने में शिक्षकों ने रुचि नहीं ली है।
ओआईसी को गोहद के शिविर में संकुल प्राचार्यों में मौ के रामराज सिंह सिकरवार, खनेता के यूसी शर्मा, शेरपुर के राघवेंद्रसिंह चौहान तथा मेहगांव के शिविर में गोरमी के प्राचार्य सुभाष श्रीवास्तव अनुपस्थित मिले।
उपयोगी एप- शिक्षा मित्र एप का नहीं किया प्रयोग
परिवेदना शिविरों में शिक्षक सीधे एम- शिक्षा मित्र एप का प्रयोग करके शिकायतें दर्ज करा सकते थे लेकिन इन्होंने इसका प्रयोग नहीं किया। इस एप को लेकर अब तक शिक्षकों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। जबकि इसमें कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मिलती हैं। स्कूल की जानकारी में छात्र, शिक्षक, भवन की स्थिति, पे- स्लिप, ऑनलाइन शिकायतें और कार्रवाई, शासन के आर्डर, शाला प्रबंधन समिति, बच्चों के लाभ की योजनाएं, अशासकीय स्कूलों आदि की जानकारी ली जा सकती है।