आजाद अध्यापक संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सरकारी उत्कृष्ट नंबर एक स्कूल परिसर में नोडल अधिकारी पीएस चौहान को अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन दिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संतोष लहारिया मौजूद रहे।
ज्ञापन के दौरान उन्होंने बताया कि अध्यापक संवर्ग को छठवें वेतनमान के एरियर्स की प्रथम किश्त का भुगतान नहीं हुआ है। इसके लिए जल्द आदेश जारी किया जाए। वहीं जिले के प्रत्येक विकासखंड के प्रत्येक संकुल में अध्यापक संवर्ग को छठवें वेतनमान का निर्धारण अलग-अगल किया गया है। जिसमें एक ही वर्ष में नियुक्त अध्यापकों को अलग-अलग वेतनमान दिया जा रहा है। जिसमें सुधार किया जाए। वहीं जिन संविदा शाला शिक्षकों की तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि पूर्ण हो गई है। उनके अध्यापक संवर्ग में संविलियन के लिए संबंधित संकुल प्राचार्यों को उनकी गोपनीय चरित्रावली समय सीमा में भेजने के लिए निर्देश दिए जाएं। इसी क्रम में अध्यापक संवर्ग की नवीन पेंशन योजना का कटोत्रा शासनस्तर पर निर्धारित किया जाए।