सीबीएसई बोर्ड की 12वीं परीक्षा की काॅपियां गायब
तीन सेंटर की अर्थशास्त्र की काॅपियां हुईं गायब
भास्कर संवाददाता | भिंड
शहर के प्रधान डाकघर कार्यालय से सीबीएसई (सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एज्युकेशन) के अर्थशास्त्र विषय की उत्तरपुस्तिकाएं गायब हो गई है। ये काॅपियां शहर के तीन परीक्षा केंद्रों की है। जब सीबीएसई ने बोर्ड में काॅपियां न पहुंचने की सूचना संबंधित परीक्षा केंद्रों को भेजी। तब कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
यहां बता दें कि 25 अप्रैल को सीबीएसई के इकॉनॉमिक्स का पेपर था। इस पेपर की केंद्रीय विद्यालय, सिटी सेंट्रल स्कूल और स्वरूप विद्या निकेतन परीक्षा केंद्र की उत्तरपुस्तिकाएं बोर्ड को भेजने के लिए प्रधान डाकघर में जमा कराई थी। लेकिन उत्तरपुस्तिकाएं बोर्ड के अजमेर कार्यालय नहीं पहुंची। तब सीबीएसई के अधिकारियों ने संबंधित परीक्षा केंद्राध्यक्षों को सूचित किया। तब उन्होंने डाकघर कार्यालय में संपर्क किया। लेकिन कॉपियां नहीं मिलीं।
कलेक्टर ने एफआईआर कराने के दिए निर्देश
यह मामला जब कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी तक पहुंचा तो उन्होंने थाने में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। पोस्ट मास्टर बीएस सिकरवार की फरियाद पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ काॅपियां गायब होने का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि पोस्ट मास्टर ने विभाग के ही दो लोगों पर शंका भी जाहिर की है। लेकिन पुलिस ने मामला अज्ञात में दर्ज किया है। इधर कॉपियां गायब होने से उक्त तीनों सेंटरों से परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम पर संकट मंडराने लगा है। हालांकि सीबीएसई बोर्ड ने इस संबंध में केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य आरएस मीना को कुछ निर्देश दिए हैं। लेकिन अभी तक यह तय नहीं है कि बोर्ड उक्त परीक्षार्थियों की परीक्षाएं पुन: कराएगा अथवा कुछ अन्य उपाय निकालेगा।